
नई दिल्ली, 29 अगस्त (Udaipur Kiran) । अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के भगवान बिरसा मुंडा भवन (जनजातीय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र) का लोकार्पण समारोह रविवार (31 अगस्त) को होगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल एवं किरेन रिजिजू और महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी जी महाराज उपस्थित रहेंगे।
संगठन की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक, यह भवन मेट्रो एन्क्लेव रोड, सेक्टर-6, पुष्प विहार नई दिल्ली में निर्मित किया जा रहा है। इसे महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में निर्मित किया गया है। वे भारत की जनजातीय समुदायों के बलिदान, संघर्ष और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक हैं। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष 15 नवंबर 2024 से 15 नवंबर 2025 तक है, जिसे जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
यह भवन अनुसंधान, प्रशिक्षण तथा सामाजिक कल्याण कार्यों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इसके अतिरिक्त योगेश बापट (महामंत्री, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम), अखिल भारतीय संगठनमंत्री अतुल जी जोग, विष्णुकांत (सह महामंत्री), सुरेश कुलकर्णी, प्रवीण डोलके, डॉ. माधवी देब बर्मन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।
इस विशेष लोकार्पण समारोह में विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, दिल्ली एवं आसपास के क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों के प्रमुख व उपप्रमुख, वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यकर्ता, विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े समाजबंधु तथा आमजन भी भाग लेंगे।
आयोजकों ने बताया कि यह भवन जनजातीय सशक्तीकरण का केंद्र बनेगा, जहां जनजातीय विषयों पर अनुसंधान, युवाओं के लिए नेतृत्व प्रशिक्षण तथा परंपराओं व ज्ञान परंपरा के संरक्षण और प्रसार से संबंधित गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। इस केंद्र की स्थापना भारत के जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के दृष्टिकोण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, साथ ही यह बिरसा मुंडा की प्रेरणादायी विरासत को जीवित रखने का प्रयास है।
—————
(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा
