
रांची, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News) । बड़कागढ़ ईस्टेट की प्राचीन परंपरा और राज परिवार की आस्था के अनुरूप सोमवार को ऐतिहासिक बड़कागढ़ ईस्टेट की दुर्गा पूजा के तहत परंपरागत रीति-रिवाज और तांत्रिक पद्धति से बेलवरन पूजा की गई।
इस ऐतिहासिक अनुष्ठान को आन्नी मौजा स्थित प्राचीन देवी घर में बड़कागढ़ के पुरोहित सदन गोपाल शर्मा ने संपन्न कराई।
इस अवसर पर पूजा के यजमान बड़कागढ़ के ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि पूजा की शुरुआत मां भगवती को आमंत्रण देकर की गई। इसके बाद परंपरा अनुसार मां को बकरे की बलि अर्पित की गई। पूजा के बाद मां की मंगल आरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इधर, पूजा आयोजन समिति ने जानकारी दी कि आगामी 30 सितंबर मंगलवार को मां भगवती चिंतामणि और नव पत्रिका देवी की डोली ऐतिहासिक ठाकुर निवास से प्राचीन देवी घर तक सुबह में निकाली जाएगी। इस दौरान पूरे बड़कागढ़ क्षेत्र के श्रद्धालु माता के जयकारों के बीच शोभायात्रा में शामिल होंगे। बलवरन पूजा में बड़कागढ़, जगन्नाथपुर और लटमा राज परिवार के कई लोग शामिल हुए।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
