
पटना, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राजनीतिक दिशाहीनता और मुद्दों के अभाव में तेजस्वी यादव निराधार आरोपों के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने साेमवार काे पलटवार करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को नीतीश सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने माता-पिता के 15 वर्षों के शासनकाल को याद करना चाहिए। वह ऐसा दौर था जब उनके माता-पिता ने तिजोरी भरने और सियासी लाभ के लिए आपराधिक तत्वों को संरक्षण देने का काम किया। आज वही लोग कानून-व्यवस्था पर हायतौबा मचा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव का यह राजनीतिक व्यवहार न केवल नैतिक दिवालियेपन का प्रतीक है, बल्कि जनाधार खिसकने की घबराहट और सत्ता की अतृप्त लालसा को भी उजागर करता है।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता अब लालू परिवार के चाल, चरित्र और चेहरे से भली-भांति परिचित है। ऐसे में झूठे, भ्रामक और दुष्प्रेरित प्रचारों के माध्यम से जनता की आंखों में धूल झोंकने की तेजस्वी यादव की कोशिश कभी सफल नहीं हो सकती। जागरूक बिहार की जनता अब सच्चाई और सियासी छलावे के बीच स्पष्ट फर्क करना जानती है।
उमेश कुशवाहा ने कहा कि बिहार की जनता ‘2025 में 225 और फिर से नीतीश’ के संकल्प को मन में गांठ बांध चुकी है। यही कारण है कि तेजस्वी यादव बौखलाहट में अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं, जिनका मर्म शायद उन्हें स्वयं भी नहीं समझ आता।
—————
(Udaipur Kiran) / चंदा कुमारी
