
बलरामपुर, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । नशे के खिलाफ जारी पुलिस की सख्त मुहिम के तहत बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। ट्रैक्टर से 125 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपित को बिहार के सासाराम से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एंड टू एंड एक्शन के तहत की गई।
घटना 26 अगस्त की रात की है, जब ओडिशा के बालांगीर क्षेत्र से बिहार के सासाराम जा रहा एक ट्रैक्टर दलधोवा घाट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे बने गुप्त चेंबर से 125 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। उस वक्त ट्रैक्टर चालक अनुज कुमार, निवासी आदमापुर थाना सासाराम जिला रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार कर 2 सितंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
इस मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आईजी सरगुजा रेंज एवं एसपी बलरामपुर वैभव बेंकर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन पर उप निरीक्षक के.पी. सिंह के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई।
टीम ने साइबर सेल से मिली तकनीकी जानकारी का गहन विश्लेषण करते हुए घटना में शामिल एक अन्य आरोपित की पहचान की। इसके बाद आरोपित ज्ञानचंद पासवान (21 वर्ष) पिता यमुना पासवान, निवासी आदमापुर थाना मुफस्सिल, जिला रोहतास (बिहार) को सासाराम से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ और साक्ष्य संकलन के बाद आरोपित को आज रविवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है, जिनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भापेंद्र साहू (थाना प्रभारी बलरामपुर), उप निरीक्षक के.पी. सिंह, प्रधान आरक्षक शिपक शर्मा, प्रधान आरक्षक शैलेंद्र तिवारी और आरक्षक दलसाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
—————
(Udaipur Kiran) / विष्णु पांडेय
