Chhattisgarh

बलरामपुर : जिला मुख्यालय में वर्षों से अधूरी पड़ी स्टेडियम और टाउन हाल का पूर्ण होगा शेष निर्माण, राशि स्वीकृत

टाउनहॉल
स्टेडियम

बलरामपुर, 29 जून (Udaipur Kiran) । बलरामपुर जिला मुख्यालय को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। वर्षों से अधूरे पड़े टाउन हाल और स्टेडियम निर्माण कार्यों को आखिरकार अब गति मिलने वाली है। प्रदेश के कृषि मंत्री एवं रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम की पहल पर इन दोनों महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए शासन से लगभग नौ करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इससे न केवल नगर के नागरिकों बल्कि खिलाड़ियों और सामाजिक संगठनों में भी खुशी की लहर है।

नगरपालिका बलरामपुर के वार्ड क्रमांक एक में वर्षों पूर्व टाउन हाल निर्माण कार्य की शुरुआत की गई थी। तत्कालीन रमन सरकार के कार्यकाल में इस कार्य के लिए एक करोड़ 27 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, जिससे प्रारंभिक निर्माण कार्य तो हुआ लेकिन बजट की कमी के कारण यह अधूरा रह गया। बीते एक दशक से नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा इसकी पूर्णता की मांग लगातार की जाती रही थी।

अब मंत्री राम विचार नेताम के प्रयासों से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा तीन करोड़ 50 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। इससे टाउन हॉल का शेष निर्माण कार्य शीघ्र ही पूर्ण होगा। नगर में शादी-ब्याह, सामाजिक कार्यक्रमों, सभाओं एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित और आधुनिक टाउन हॉल की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। नगरवासियों ने इस पर गहरी संतुष्टि जताई है।

जिला मुख्यालय में लंबे समय से खेलकूद के लिए आधारभूत संरचना का अभाव महसूस किया जा रहा था। अधूरे स्टेडियम के चलते खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त स्थान नहीं मिल पा रहा था। अब जब शासन ने शेष निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कर दी है, तो खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय खेल संगठनों ने मंत्री नेताम के प्रति आभार जताया है।

इन दोनों महत्वपूर्ण अधूरे प्रोजेक्ट्स के पूरा होने से बलरामपुर जिला मुख्यालय की सामाजिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों को एक नई दिशा मिलेगी। जहां एक ओर टाउन हॉल सामाजिक आयोजनों का केंद्र बनेगा, वहीं दूसरी ओर स्टेडियम स्थानीय युवाओं के खेल कौशल को निखारने का मंच साबित होगा। नगरवासी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों ने इन स्वीकृतियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बलरामपुर के समग्र विकास की दिशा में में एक एक महत्वपूर्ण महत्वपूर्ण कदम बताया है।

कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने रविवार की देर शाम एक बयान में कहा कि, बलरामपुर जिला मुख्यालय में वर्षों से अधूरे पड़े स्टेडियम और टाउनहॉल के कार्यों को पूर्ण कराने के लिए मैं लगातार प्रयासरत था। जन भावनाओं के अनुरूप विकास कार्य करना मेरी प्राथमिकता है। मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि, अब ये दोनों महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शीघ्र ही पूरे होंगे। रामानुजगंज विधानसभा में विकास की कोई कमी नहीं रहेगी। भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी कार्यों को निरंतर गति दी जाएगी।

बलरामपुर जिला मुख्यालय में स्टेडियम निर्माण की पहल वर्ष 2013-14 में हुई थी, जब राज्य सरकार द्वारा चार करोड़ 22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। प्रारंभिक कार्य तो शुरू हुआ लेकिन उस समय के कलेक्टर एलेक्स पाल मेनन द्वारा ड्रॉइंग एवं डिजाइन में परिवर्तन किए जाने के कारण लागत बढ़ गई और निर्माण कार्य बीच में अटक गया। पिछले दस वर्षों से अधूरे स्टेडियम को पूरा करने की मांग स्थानीय जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों द्वारा लगातार की जाती रही। अब अंततः इस अधूरे सपने को साकार करने हेतु शासन द्वारा पांच करोड़ 30 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए गए है। इससे यह स्टेडियम अब पूर्ण रूप से विकसित होकर खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / विष्णु पांडेय

Most Popular

To Top