Uttar Pradesh

मुजफ्फरनगर से बनारस तक जितने भी दंगे हुए, उनके पीछे आजम खान का हाथ : केशव प्रसाद मौर्य

मुरादाबाद हवाई अड्डे पर गुरुवार को नगर विधायक रितेश गुप्ता के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।

मुरादाबाद, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुजफ्फरनगर से बनारस तक जितने भी दंगे हुए, उनके पीछे आजम खान का हाथ था। अखिलेश यादव की सरकार में आजम खान का ही चाबुक चलता था। यह बातें गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही। डिप्टी सीएम आज बिजनौर जनपद में भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह की माता की तेहरवीं संस्कार से लौटकर मुरादाबाद पहुंचे थे।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सावन मास में चल रही कांवड़ यात्रा पर कहा कि सरकार ने कांवड़ियों की सुरक्षा, आवास और यातायात के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। हमारा लक्ष्य है कि कांवड़ यात्रा सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न हो। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने कांवड़ियों की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए सभी 75 जिलों में व्यापक इंतजाम किए हैं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा राहुल गांधी जमानत पर हैं और उन्हें जेल की याद सता रही है। जिस दिन कोर्ट उनकी जमानत रद्द करेगा, सजा भी सुनिश्चित हो जाएगी। उन्होंने कांग्रेस की लगातार चुनावी हार पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी बौखलाहट में है और पूरा नॉर्थ-ईस्ट अब भाजपा व उसके गठबंधन के कब्जे में है। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा पर राहुल की टिप्पणी को मौर्य ने कांग्रेस की हताशा का प्रतीक बताया।

उत्तराखंड सरकार द्वारा स्कूलों में श्रीमद्भगवद्गीता पढ़ाने की पहल का स्वागत करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा उत्तर प्रदेश में इस पर अभी विचार नहीं हुआ है, लेकिन जहां अच्छा काम हो रहा है, उसकी सराहना होनी चाहिए। सपा के एक पूर्व सांसद द्वारा स्कूलों में कुरान और बाइबिल पढ़ाने की मांग पर उन्होंने कहा कि गीता का उद्देश्य संपूर्ण मानवता को दिशा देना है, जबकि कुरान और बाइबिल विशिष्ट धर्मों के ग्रंथ हैं। इनके उद्देश्यों में स्पष्ट अंतर है।

प्रदेश अध्यक्ष हो या राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता ही होगा :

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में अपने नाम की चर्चा पर स्पष्ट किया कि चाहे प्रदेश अध्यक्ष हो या राष्ट्रीय अध्यक्ष, वह भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता ही होगा। उन्होंने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top