
कटिहार, 26 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । जिले के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रामपारा में विश्व गर्भ निरोधक दिवस के अवसर पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा सहयोगी संस्था पीएसआई इंडिया के साथ मिलकर परिवार नियोजन किट, स्वास्थ्य जागरूकता और हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कटिहार नगर निगम की महापौर उषा अग्रवाल ने हस्ताक्षर कैंपेन की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य परिवार नियोजन के महत्व को बढ़ावा देना था। महापौर ने कहा कि परिवार नियोजन और महिला स्वास्थ्य के विषय में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाना हमारा दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों को परिवार नियोजन के अस्थायी विकल्पों का किट वितरण किया गया। अधिकारियों द्वारा उपस्थित दम्पत्तियों को गर्भ निरोधक उपायों के बारे में जानकारी दी गई और सभी लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ नारी सशक्त परिवार विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने लोगों को परिवार नियोजन और महिला स्वास्थ्य के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में डीसीएम अश्विनी कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ्य नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत हम न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ा रहे हैं, बल्कि उनका आर्थिक और मानसिक सशक्तिकरण भी सुनिश्चित कर रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने परिवार नियोजन और महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
—————
(Udaipur Kiran) / विनोद सिंह
