Jharkhand

रांची के बुंडू में महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

कार्यक्रम में शामिल अनुमंडल पदाधिकारी समेत अन्‍य

रांची, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) झारखंड के सामाजिक कुरीति निवारण एवं महिला सशक्तीकरण विषय पर अनुमंडल कार्यालय सभागार बुंडू में सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अनुमंडल पदाधिकारी किस्टो बेसरा ने इस मौके पर कहा कि सामाजिक कुरीतियां समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा हैं। हम सभी को सामूहिक प्रयास से सामाजिक कुरीतियां समाप्त करनी होंगी। महिलाओं और बालिकाओं का सशक्त होना ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की पहचान है।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय भगत ने कहा कि शिक्षित समाज होने पर सामाजिक कुरीतियां मिटेंगी और उस पर विराम लगेगा। इस बाबत गांवों में जागरूकता फैलाएं और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएं। उन्होंने डायन प्रथा, बाल विवाह, लिंगानुपात में असंतुलन जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के बारे में भी जानकारी दी।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन शक्ति सदन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान, एक पेड़ मां के नाम योजना के तहत पौधारोपण और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ प्रचार रथ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, आंगनबाड़ी सेविकाएं, किशोरी बालिकाएं सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top