
– पार्टी कार्यकर्ताओं में उबाल,काली पट्टी बांधकर किया विरोध
वाराणसी,30 अगस्त (Udaipur Kiran) । बिहार की राजधानी पटना स्थित सदाकत आश्रम (बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय) पर शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के हमले को लेकर वाराणसी में पार्टी कार्यकर्ताओं में उबाल है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने बांहों पर काली पट्टी बांध कर हमले की निंदा की।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की “वोटर अधिकार यात्रा” को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है, और यही समर्थन भाजपा को असहज कर रहा है। बौखलाहट में भाजपा कार्यकर्ता हिंसक हो उठे और कांग्रेस के लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने की असफल कोशिश की।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय पर हमला डर और बौखलाहट का परिणाम है। सत्य के लिए लड़ना हमेशा कठिन होता है, क्योंकि सत्य साहस और शांति से लड़ता है, जबकि असत्य फरेब और हिंसा का सहारा लेता है। भाजपा ने हिंसा को चुना और हमारे कार्यकर्ताओं को लहूलुहान किया। यह हमला बिहार की धरती पर लोकतंत्र पर हमला है। बिहार तप, तर्पण, त्याग, प्यार और क्रांति की भूमि है। यहीं से महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा का आंदोलन शुरू किया था। आज उसी भूमि पर कांग्रेस मुख्यालय पर हमला न सिर्फ कांग्रेस पार्टी बल्कि पूरे लोकतंत्र पर हमला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जानती है कि जनता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के साथ खड़ी हो रही है। जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। इसी बौखलाहट में भाजपा हिंसा पर उतर आई है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी-नेहरू की परंपरा से निकले हैं। न हम डरेंगे, न हम झुकेंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
