
बीकानेर, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दिल्ली से पूर्व विधायक व कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव पर्यवेक्षक राजेश लीलोठिया ने बुधवार काे बीकानेर में कहा कि पार्टी में फिलहाल जिला स्तर पर परिवर्तन किया जा रहा है, बाद में राज्य स्तर पर भी बदलाव की तैयारी है। बीकानेर शहर व देहात को आगामी एक माह में नये अध्यक्ष मिलेंगे। यह अध्यक्ष सभी की रायशुमारी से बनाया जाएगा। पार्टी युवाओं को अधिक मौका देगी। साथ ही जातिय अनुपात व महिला आरक्षण का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
लीलोठिया ने कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिला स्तर पर संगठनों को सक्रिय करने का काम चल रहा है। योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके बाद पार्टी में ग्राम पंचायत स्तर पर भी परिवर्तन होंगे और ये काम राज्य तक जाएगा। उन्होंने साफ संकेत दिए कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की कार्रवाई भी इसी तरह होगी।
लीलोठिया ने कहा कि राहुल गांधी का स्पष्ट विचार है कि जहां जिसकी जितनी संख्या है, उसे वहां उतना प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। ये विचार संगठन को मजबूत करने के साथ ही आम कार्यकर्ता को उसका अधिकार दिलाने का भी है। लीलोठिया ने कहा कि राहुल गांधी के मार्गदर्शन में शुरू हुए संगठन सृजन अभियान कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और सशक्त करेगा। यह पहल युवाओं, किसानों, श्रमिकों और समाज के वंचित वर्गों को कांग्रेस के साथ पुन: जोडऩे का एक सशक्त माध्यम बनेगी। यह कांग्रेस की जड़ों को और गहरा करेगा और आगामी चुनावों में संगठन को मजबूती के साथ मैदान में उतारेगा। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की आवाज को बुलंद किया जाएगा और उनकी मेहनत को संगठन के शीर्ष स्तर तक पहुँचाया जाएगा।
प्रेस कांफ्रेंस में पीसीसी की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक विधायक शिमला नायक, मनीष मक्कासर, अंकित, शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, पूर्व मंत्री गोविन्द राम मेघवाल शामिल रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / राजीव
