WORLD

रूसी हमलों में यूक्रेन में कम से कम 11 नागरिकों की मौत, 80 से अधिक घायल

कीव/मॉस्को, 07 जुलाई (Udaipur Kiran) । यूक्रेन में जारी रूसी हमलों में एक बार फिर निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया गया है। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, बीते 24 घंटों में रूस के हवाई हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 7 बच्चे भी शामिल हैं। यह हमला रातभर दागे गए 100 से अधिक ड्रोन और मिसाइलों के जरिए किया गया।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने जानकारी दी कि बीते एक सप्ताह में रूस ने यूक्रेन पर 1,270 ड्रोन, 39 मिसाइलें, और लगभग 1,000 शक्तिशाली ग्लाइड बम दागे हैं। उन्होंने कहा कि, “वायु रक्षा जीवन की रक्षा के लिए सबसे अहम है,” और यह भी बताया कि यूक्रेन ने अमेरिका और यूरोपीय सहयोगियों के साथ मिलकर ड्रोन निर्माण बढ़ाने के लिए समझौते किए हैं।

रूसी हमले में हताहतों के क्रम में यूक्रेन के ओडेसा में एक व्यक्ति की मौत हुई। जबकि खारकीव में एक की मौत हुई और 71 लोग घायल हुए। वहीं, कीव के दो जिलों में ड्रोन मलबे से क्षति। सुमी क्षेत्र में 2 लोगों की मौत और 2 लोग घायल हुए हैं। डोनेट्स्क में 7 की मौत और 9 लोग घायल हुए।

साथ ही, रूस ने पांच दिनों में तीसरी बार यूक्रेनी सैन्य भर्ती केंद्रों को निशाना बनाया है। माना जा रहा है कि यह हमला यूक्रेन की नई सेना भर्ती प्रक्रिया को बाधित करने के उद्देश्य से किया गया है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने 91 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया है। ये ड्रोन 13 रूसी क्षेत्रों, काला सागर और क्रीमिया प्रायद्वीप में गिराए गए। क्रीमिया पर 2014 में रूस ने कब्जा किया था, जिसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय अवैध मानता है।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top