
नाहन, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने अपने सिरमौर जिला प्रवास के दौरान रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का दौरा किया और इस वर्ष मानसून के दौरान हुई भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया।
उपाध्यक्ष ने बताया कि इस बार सामान्य से अधिक बारिश के चलते पूरे प्रदेश में जानमाल और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। प्रदेश सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं की बहाली को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने बताया कि सिरमौर जिले, विशेष रूप से रेणुका क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। संगड़ाह उपमंडल में करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। नोहराधार में 7 लाख 50 हजार रुपये और हरिपुरधार क्षेत्र में 52 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। प्रभावितों को नियमों के अनुसार अग्रिम राहत राशि वितरित की जा चुकी है।
विनय कुमार ने संबंधित विभागों को नुकसान का सटीक आकलन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत गवाई में सड़क मार्ग का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्राम पंचायत टौंड़ा में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
विधानसभा उपाध्यक्ष चोकर मडीयान गांव में भूस्खलन से बेघर हुए परिवारों से भी मिले और उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
—————
(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर
