Sports

एशिया कप हॉकी 2025 : भारतीय महिला हॉकी टीम का जापान से मुकाबला 1-1 से ड्रॉ

एशिया कप हॉकी 2025 में भारतीय महिला टीम ने जापान से ड्रॉ खेला

हांगझोऊ, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । महिला एशिया कप हॉकी 2025 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जापान को 1-1 की बराबरी पर रोका। इस परिणाम के बाद भारत के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कायम हैं। अगर चीन कोरिया को हरा देता है या भारत गोल अंतर से दो से कम अंतर से हार से बच जाता है, तो भारतीय टीम फाइनल में जगह बना लेगी।

भारत की ओर से पहला गोल ब्यूटी डुंगडुंग ने 7वें मिनट में किया। उन्होंने नेहा के शॉट को डिफ्लेक्ट कर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। मैच की शुरुआत से ही भारत आक्रामक दिखाई दिया। इशिका चौधरी ने शुरुआती मिनटों में ही गोल पोस्ट को हिट किया, जबकि जापान को भी कुछ मौके मिले लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें रोक दिया। पहले क्वार्टर के अंत तक स्कोर 1-0 रहा।

दूसरे क्वार्टर में जापान ने बराबरी की कोशिशें तेज कीं और पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किया, लेकिन भारतीय गोलकीपर और डिफेंस ने मोर्चा संभाले रखा। हाफ टाइम तक भारत 1-0 की बढ़त बनाए रहा।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने एक बार फिर दबदबा बनाया। ललरेमसियामी ने कई शानदार मूव बनाए, हालांकि दूसरे गोल की तलाश पूरी नहीं हो सकी। जापान की डिफेंस ने मजबूती से भारतीय आक्रमण रोके रखा।

अंतिम क्वार्टर में जापान ने आक्रामक खेल दिखाया और लगातार हमले किए। भारत ने भी जवाबी आक्रमणों में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन गोल में तब्दील नहीं कर सके। मैच के 58वें मिनट में जापान की खिलाड़ी शिहो कोबायाकावा ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।

निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

——————-

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top