HimachalPradesh

पुलिस भर्ती मामले में विपक्ष नहीं प्रदेश के युवा लगा रहे आराेप : त्रिलोक कपूर

त्रिलोक कपूर।

धर्मशाला, 23 जून (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भ्रष्टाचार युक्त कांग्रेस सरकार का एक ही काम है और वो है भ्रष्टाचार को आकंठ बढ़ावा देना। त्रिलोक कपूर ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश का ऐसा कोई विभाग नहीं है जिसमें जमकर भ्रष्टाचार नहीं हो रहा है। पुलिस भर्ती मामला इस भ्रष्ट सरकार का सबसे बड़ा प्रकरण है। पूरे प्रदेश में जिन बच्चों ने परीक्षाएं दी है वह चीख चीखकर बोल रहे हैं कि इस मामले में पूर्ण रूप से धांधली हुई है, पर सरकार मौन है।

सोमवार को जारी एक प्रेस बयान में भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने कहा कि

पुलिस द्वारा भर्ती लिखित परीक्षा के दिन भी दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी की गई। उनके द्वारा 34 लाख रुपए पुलिस भर्ती में शामिल युवाओं से वसूले जाने की बात सामने आई। रिपोर्ट्स की मानें तो उन्होंने यह पैसा लेना स्वीकार भी किया। इसके बाद यह मामला आगे नहीं बढ़ पाया। इसका कारण यह है कि सरकार इस मामले की जांच की बजाय इस मुद्दे को दबाने को प्राथमिकता दे रही है। इतनी बड़ी अनियमितता सामने आने के बाद सरकार द्वारा मौन रहना, विषय में पुलिस जांच की प्रगति के बारे में प्रदेश को ना बताना कहीं न कहीं जो कुछ भी हो रहा है उसमें सरकार की मौन सहमति का नतीजा है। जिस तरीके के आरोप लग रहे हैं उससे साफ है कि इस मामले में बड़ी धांधली हुई है। इसलिए यह भर्ती प्रक्रिया सरकार को फिर से करवानी चाहिए। इसी तरह से प्रदेश में चल रही एनटीटी की परीक्षा में भी धांधली के मामले सामने आए हैं। सरकार ने कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं को आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से ठेका दे रखा है। एनटीटी केंद्र सरकार की योजना है जिसका शत प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार उठा रही है लेकिन सुक्खू सरकार उसमें भी भ्रष्टाचार कर रही है।

(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया

Most Popular

To Top