
गुवाहाटी (असम), 27 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने फेसबुक लाइव के माध्यम से राज्यवासियों को संबोधित करते हुए अक्टूबर महीने में होने वाले कई भर्ती परिणामों और कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एडीआरई तृतीय श्रेणी की परीक्षा का परिणाम 10 अक्टूबर को और चतुर्थ श्रेणी का परिणाम 15 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत विभिन्न पदों के परिणाम 12 अक्टूबर से पहले घोषित होंगे। एलपी शिक्षक भर्ती का परिणाम 15 से 20 अक्टूबर के बीच और ग्रेजुएट एवं पोस्ट ग्रेजुएट शिक्षक भर्ती का परिणाम 15 अक्टूबर को जारी होगा। इसी दिन सब-इंस्पेक्टर (एसआई) परीक्षा और फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के परिणाम भी प्रकाशित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि 20 अक्टूबर से पहले सभी भर्ती परिणाम घोषित हो जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि नियुक्ति पत्र विभिन्न विभागों में 25–26 अक्टूबर के बीच वितरित किए जाएंगे। वहीं, एबी और यूबी कांस्टेबल भर्ती परिणाम फिलहाल हाई कोर्ट की रोक के कारण लंबित हैं, हालांकि इन्हें भी इसी महीने घोषित किया जाएगा।
कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर को अरुणोदय 3.0 योजना शुरू होगी, जिससे लगभग 30 लाख महिलाओं को लाभ मिलेगा। इसके अलावा निजुत मोइना योजना के तहत 3.5 लाख छात्राओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी। पहली किस्त 10 से 15 अक्टूबर के बीच चेक के माध्यम से दी जाएगी, जबकि अगले महीने से राशि सीधे बैंक खाते में स्थानांतरित होगी।
बीटीसी चुनावों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। उन्होंने हग्रामा महिलारी को जीत की बधाई दी और कहा कि गायक जुबीन गर्ग के निधन के बाद उन्होंने प्रचार से खुद को अलग कर लिया था, जिसे उन्होंने अपना कर्तव्य और सम्मान बताया।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
