
शिमला, 20 जून (Udaipur Kiran) । पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को श्री नैना देवी विधानसभा के खारसी और निहारखण बासला में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याएं भी सुनीं और बिलासपुर सदर के कुठेड़ा में सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। देश आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, जो कि 2014 में 11वें स्थान पर था। बताया कि मोदी सरकार ने 80 करोड़ जरूरतमंदों को मुफ्त राशन और 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध करवाए हैं। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, उज्ज्वला, जनधन, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने आम नागरिक के जीवन को बदला है। पारदर्शिता और तकनीकी समावेशन के जरिए लाभार्थियों को सीधा लाभ मिला है।
2014 में देश में केवल 387 मेडिकल कॉलेज थे, जो 2025 में बढ़कर 780 हो गए हैं। एमबीबीएस सीटें 51 हजार से बढ़कर 1.18 लाख हो गई हैं। 11 वर्षों में 17.1 करोड़ नई नौकरियों का सृजन हुआ है और स्टार्टअप से लाखों युवाओं को रोजगार मिला है। प्रधानमंत्री मोदी की अंत्योदय की नीति ने देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ शौचालय, मुद्रा योजना से 52.5 करोड़ ऋण स्वीकृत हुए, उज्ज्वला से 10 करोड़ महिलाओं को रसोई गैस मिली और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 40 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य बीमा कार्ड जारी किए गए हैं।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 11 करोड़ किसानों को ₹368 लाख करोड़ की मदद दी गई है और गरीब कल्याण योजना से 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन मिला है। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से साकार होगा। आज से शुरू हो रही विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य इसी जन-भागीदारी को मजबूत करना है।
———————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
