Madhya Pradesh

अनूपपुर : कल्याण वृद्धाश्रम को आदर्श वृद्धाश्रम बनाने किया जाएगा प्रयास -कलेक्टर

कलेक्टर हर्षल पंचोली वृद्धाश्रम में

वृद्धों की सेवा से मिलता है सुख, समृद्धि और सम्मान – जिला पंचायत उपाध्यक्ष

कल्याण वृद्धाश्रम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया

अनूपपुर, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । ‘‘समावेशी भविष्य के लिए वृद्धजनों की आवाज को सशक्त बनाना’’थीम पर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस कार्यक्रम का आयोजन बुधवार काे मध्‍य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम पंचायत बरबसपुर के ग्राम सीतापुर में स्थित कल्याण वृद्धाश्रम में किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षल पंचोली, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष पार्वती राठौर, अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उप संचालक के. के. सोनी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं वृद्धजन उपस्थित रहें।

कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा कि वृद्धजन समाज के मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्त्रोत होते हैं। उनके आर्शीवाद और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी के विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। ग्राम बरबसपुर में निवासरत परिवारों के सहयोग से कल्याण वृद्धाश्रम की शुरुआत हुई थी। इस वृद्धाश्रम को आगामी समय में एक आदर्श वृद्धाश्रम के रूप में बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा, जिसमें समस्त आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती राठौर ने वृद्ध जनों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ रहने की मंगल कामना की और कहा कि वृद्धों की सेवा से सुख, समृद्धि और सम्मान मिलता है।

वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन

कलेक्टर एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने वृद्धाश्रम के शयन कक्ष, भोजन कक्ष, सीसीटीवी कैमरा, निर्माणाधीन सामुदायिक स्वच्छता परिसर आदि का अवलोकन कर कहा कि शयन कक्ष, भोजन कक्ष हेतु आवश्यक सुविधाएं एवं सामग्री की उचित व्यवस्था की जाए तथा सीसीटीवी कैमरे निर्बाध रूप से संचालित रहे। वृद्धाश्रम परिसर को और भी सुन्दर और आकर्षक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में पर्याप्त पेयजल, विद्युत आदि की समुचित व्यवस्था प्राप्त होनी चाहिए, ताकि निवासरत वृद्ध जनों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

सावित्री राठौर एवं फूलवती पटेल को शतायु सम्मान से किया गया सम्मानित

कलेक्टर एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ नागरिकों को शतायु सम्मान से सम्मानित किया। जिसमें ग्राम अमगवां निवासी 105 वर्षीय सावित्री राठौर तथा ग्राम बरबसपुर निवासी 102 वर्षीय फूलवती पटेल को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कल्याण वृद्धाश्रम के सभी वृद्धजनों का भी सम्मान किया गया।

(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला

Most Popular

To Top