Madhya Pradesh

अनूपपुर: प्रदेश स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के संकल्प को साकार करने की ओर बढ़ रहा है- प्रभारी मंत्री

प्रभारी मंत्री संबाेधित करते हुए
दीप प्रज्जवल करते प्रभारी मंत्री और विधायक

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान और आदि सेवा पर्व का शुभारंभ

अनूपपुर, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । जिले में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान महिलाओं,किशोरियों और बच्चों के लिए स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। अभियान का संचालन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से करते हुए महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता लाने स्वास्थ्य शिविरों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से निवारक, संवर्धनात्मक और उपचारात्मक सेवाओं की आपूर्ति करेंगे। दोनों विभागों द्वारा संचालित होने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है, जिससे वह निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

यह बात बुधवार को मध्य प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अनूपपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान और आदि सेवा पर्व के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान धार जिले से आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार और पोषण अभियान की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में विधायक अनूपपुर बिसाहूलाल सिंह, कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान, अध्यक्ष जिला पंचायत प्रीति रमेश सिंह, उपाध्यक्ष जिला पंचायत पार्वती वाल्मीकि राठौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तन्मय वशिष्ठ शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, नगर पालिका अनूपपुर उपाध्यक्ष सोनाली तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री ने स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान और आदि सेवा पर्व का शुभारंभ कर उन्होंने विश्वकर्मा जयंती तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के संकल्प को साकार करने की ओर मध्यप्रदेश बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सम्पूर्ण राष्ट्र तथा प्रदेश स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत जिले में 2 अक्टूबर तक विभिन्न विभागों द्वारा अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर योजनाओं के लाभ पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराने के साथ-साथ मंदिरों, तालाबों, बावड़ियों और अन्य पवित्र स्थलों की स्वच्छता की जाएगी। इसके अतिरिक्त दिव्यांगजन हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा तथा मैराथन दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और समाजसेवियों से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु सक्रिय योगदान देने की अपील की।

सशक्त परिवार और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला- विधायक बिसाहूलाल सिंह

विधायक अनूपपुर बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है। इसी दृष्टि से हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री निरंतर प्रयासरत हैं। स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान इसी का उदाहरण है। इस अभियान के अंतर्गत महिलाओं की व्यापक स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसके साथ ही एनीमिया की रोकथाम, संतुलित आहार और मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को समग्र एवं समन्वित रूप से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

जिले में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान के अंतर्गत आयोजित होगी गतिविधियाँ-कलेक्टर

कलेक्टर हर्षल पंचोली ने बताया कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान और आदि सेवा पर्व के अवसर पर जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत जिला, जनपद एवं ग्राम स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके लिए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। 2 अक्टूबर तक वृहद रूप से कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। मुख्य गतिविधियों में दिव्यांग शिविर, स्वच्छता पखवाड़ा, “एक बगिया मां के नाम” के अंतर्गत व्यापक पौधरोपण और स्वास्थ्य शिविर शामिल हैं। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और समाजसेवी संगठनों से इन गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. वर्मा ने “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत जिले में आयोजित होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इसी प्रकार जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग विनोद परस्ते ने पोषण अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की

(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला

Most Popular

To Top