
दो दिनों से लगी झड़ी,जनजीवन अस्त-व्यस्त
अनूपपुर, 05 जुलाई (Udaipur Kiran) । पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष जिले में अब तक 1783.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यह किसानों के लिए सबसे सुखद माना जा रहा है। किसान बड़े उत्साह के साथ खेती किसानी में जुटे हुए हैं। जिले के अधिकांस क्षेत्रों में किसानों ने रोपा लगाना शुरु कर दिया है। जिले में शुक्रवार की सुबह से ही रिमझिम रिमझिम बारिश का दौर शुरु हो गया जो दूसरे दिन शनिवार को पूरा दिन जारी है। यह बारिश खेती किसानी के साथ ही भू जलस्तर के लिए भी सबसे उपयुक्त मानी जा रही है। वहीं बारिश का असर मुख्यालय में भी देखने मिल रहा है। शहर के कुछ मार्गों में सुबह से जलभराव की स्थिति बनी रही। अण्डर ब्रिज के अलावा अन्य क्षेत्रों में सड़क पर पानी भरा रहा।
तापमान में गिरावट
जिले में रिमझिम बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज पूरे दिन बारिश होती रहेगी। जिससे जिले का अधिकतम तापमान गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है।
बीते 24 घंटे में जिले में 44.7 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज
अधीक्षक भू-अभिलेख अनूपपुर के अनुसार शनिवार को जिले में बीते 24 घंटे में 44.7 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान वर्षामापी केन्द्रर अनूपपुर में 48.2, कोतमा में 44, बिजुरी में 27.6, जैतहरी में 84.2, वेंकटनगर में 58 , पुष्पराजगढ़ में 40 , अमरकंटक में 18 तथा बेनीबारी में 37.6 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई ।
अब तक 1783 मिमी वर्षा
जिले में 1 जून से 5 जुलाई के बीच कुल वर्षा 1783.5 मिमी और 222.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिछले वर्ष अब तक कुल वर्षा 1751.4 मिमी व औसत वर्षा 218.9 मिमी दर्ज की गई थी। जिले में पिछले वर्ष की तुलना में कुल 31.6 मिमी अधिक वर्षा हुई है। जिले में हो रही बारिश किसानों के लिए फायदेमंद है। किसानों का कहना है कि धान की रोपाई के लिए खेतों का भरना जरूरी थी। इतनी बारिश हो गई है कि खेतों में पर्याप्त पानी नजर आने लगा है। क्षेत्र के कई किसानों ने रोपा लगाने का काम प्रारंभ भी कर दिया है। वहीं जिन किसानों का रोपा तैयार हो रहा है, वह खेत तैयार करने के साथ ही अन्य फसलों की बोनी व खेती बाड़ी के अन्य कार्य में जुटे हुए हैं।
किसान रविन्द्र पटेल ने बताया कि अब तक अच्छी बारिश हुई है, किसानों को इसी का इंतजार था। खेतों में पानी भरने के साथ ही सभी किसान खेती बाड़ी के काम में लग गए हैं। वहीं, अन्य कृषक छत्रशाल राठौर का कहना है कि रोपा लगाने के लिए किसान खेत भरने का इंतजार कर रहे थे। बारिश होने के साथ ही रोपा लगाने का कार्य प्रारंभ हो गया है।
(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला
