RAJASTHAN

अंत्योदय और एकात्म मानववाद ही भाजपा का मूलमंत्र: गहलोत

अविनाश गहलोत मंत्री

झुंझुनू, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री व झुंझुनू जिले के प्रभारी अविनाश गहलोत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन देश और समाज की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा संगठन को सर्वोपरि माना और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर राष्ट्रहित के लिए कार्य किया। गहलोत ने बताया कि दीनदयाल जी ने संघर्षमय परिस्थितियों को अपने संकल्प और कर्मनिष्ठा से अवसर में बदला। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठित रहकर समाज और पार्टी हित में काम करें यही पंडित दीनदयाल उपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। गहलोत गुरुवार को झुंझुनू में भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

गहलोत ने स्पष्ट किया कि उपाध्याय का अंत्योदय दर्शन ही आज भाजपा सरकारों का मूलमंत्र है। जो विकास को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य रखता है। गहलोत ने जोर दिया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का दर्शन “एकात्म मानववाद” आज भी भारतीय राजनीति और समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें इसी दर्शन पर चलते हुए, अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सुविधाएं पहुंचाने की नीति अंत्योदय को अपनाकर योजनाएं बनाती और लागू करती हैं।

उन्होंने याद किया कि कैसे 1937 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संपर्क में आने के बाद दीनदयाल ने अपना जीवन संघ के प्रचारक के रूप में समर्पित कर दिया। उनकी संगठन क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 1952 में जनसंघ के प्रथम अधिवेशन में उन्हें महामंत्री चुना गया, जिसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने उनकी क्षमता को देखते हुए कहा था कि अगर मुझे दो दीनदयाल मिल जाएं तो मैं भारतीय राजनीति का नक्शा बदल दूंगा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षनी कुल्हरी, विधायक राजेन्द्र भांबू, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

—————

(Udaipur Kiran) / रमेश

Most Popular

To Top