WORLD

यूक्रेन पर सैन्य विकल्पों पर विचार करेगा अमेरिका और यूरोपीय देशों का सुरक्षा तंत्र

वॉशिंगटन, 21 अगस्त (Udaipur Kiran) । अमेरिका और कई यूरोपीय देशों के सैन्य प्रमुखों ने यूक्रेन के लिए नए सैन्य सहायता विकल्प तैयार किए हैं। इन प्रस्तावों को अब प्रत्येक देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के सामने रखा जाएगा ताकि युद्धविराम या स्थायी शांति समझौते की स्थिति में रणनीतिक निर्णय लिए जा सकें। यह जानकारी गुरुवार को अमेरिकी रक्षा अधिकारियों द्वारा साझा की गई।

एक अमेरिकी अधिकारी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि पिछले कुछ दिनों में कई अहम बैठकें हुईं, जिनमें इस मुद्दे पर गहन चर्चा की गई। इन वार्ताओं में अमेरिका, यूके, जर्मनी, फ्रांस, इटली, फिनलैंड और यूक्रेन के रक्षा प्रमुख शामिल रहे। अधिकारी ने कहा कि “ये विकल्प चल रहे कूटनीतिक प्रयासों के तहत उचित विचार के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों को प्रस्तुत किए जाएंगे।”

हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं को अंतिम रूप देने में समय लगेगा, क्योंकि यह तय करना जरूरी है कि कौन-से विकल्प सैन्य दृष्टि से व्यवहार्य होंगे। साथ ही यह मॉस्को के द्वारा भी स्वीकार्य किए जाएं।

इस बीच, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने आज सख्त बयान देकर संकेत दिया कि मॉस्को किसी भी रियायत के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने के प्रस्तावों को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि ये प्रस्ताव रूस को अलग-थलग करने और पश्चिमी दुनिया और यूक्रेन को एकजुट करने के तर्क पर आधारित हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top