Chhattisgarh

अंबिकापुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन से पहले पर्यटन मंत्री अग्रवाल ने तैयारियों का किया निरीक्षण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगमन की तैयारी

अंबिकापुर, 19 नवंबर (Udaipur Kiran) । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 20 नवंबर को प्रस्तावित अंबिकापुर दौरे को लेकर तैयारियों में तेजी आ गई है। इसी कड़ी में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बुधवार को पीजी कॉलेज ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल और टेंट की संरचना से लेकर अतिथियों व आमजन की बैठक व्यवस्था, स्टॉलों की रूपरेखा, आवागमन मार्ग और यातायात प्रबंधन तक सभी व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महामहिम राष्ट्रपति का सरगुजा आगमन क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण अवसर है, इसलिए कार्यक्रम के प्रत्येक पहलू को उच्चतम मानकों के अनुरूप तैयार किया जाए। उन्होंने पार्किंग, रूट चार्ट, हेलिपैड और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए।

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था की है। लगभग दो हजार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ ट्रैफिक डायवर्सन और भीड़ नियंत्रण की विशेष योजना तैयार की गई है ताकि कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जनजातीय गौरव दिवस के अंतर्गत आयोजित होने वाला यह भव्य समारोह जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत, नायकों के सम्मान और जनकल्याणकारी योजनाओं के शुभारंभ को समर्पित होगा। आयोजन स्थल पर जनजातीय कला, हस्तशिल्प और संस्कृति से जुड़े विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो सरगुजा की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करेगी।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर सुनील नायक, एसडीएम फगेश सिन्हा, एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह