कूचबिहार, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । कूचबिहार जिले में तृणमूल कांग्रेस में अंतर्कलह तेज़ हो गया है। कूचबिहार 2 नंबर ब्लॉक के अध्यक्ष सजल सरकार ने रविवार को जिलाध्यक्ष अभिजीत दे भौमिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ब्लॉक अध्यक्ष का आरोप है कि जिलाध्यक्ष गुटबाजी को बढ़ावा दे रहे हैं और पुराने नेताओं को पार्टी में किनारे कर रहे हैं। साथ ही, वे उन लोगों को जिम्मेदारी दे रहे हैं जो ‘आमार पाड़ा, आमार समाधान’ योजना से 10 प्रतिशत राशि की वसूली में लिप्त हैं।
सजल सरकार के अनुसार, ब्लॉक अध्यक्ष बनने के बाद से ही उन्होंने अंचल कमिटी बनाई, लेकिन जिलाध्यक्ष ने बिना उनकी जानकारी के लगातार विभिन्न ग्राम पंचायत समितियों का गठन किया। जिलाध्यक्ष ने सजल सरकार को चेतावनी (शोकज़) भी दी कि उनके द्वारा बनाई गई समिति की कोई वैधता नहीं है।
सजल सरकार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुझे अभी तक शोकज़ का पत्र नहीं मिला है। अगर पत्र आया भी, तो मैं जिलाध्यक्ष को जवाब नहीं दूंगा, सीधे राज्य नेतृत्व को जानकारी दूंगा। अगर राज्य नेतृत्व चाहेगा, तब कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष पुराने नेताओं को महत्व नहीं देते और उनके पास पार्टी के नेताओं द्वारा राशि वसूलने के 30 से अधिक प्रमाण मौजूद हैं।
इस बयान के बाद कूचबिहार जिले की राजनीति में हलचल मच गई है और पार्टी के भीतर सत्ता संघर्ष के संकेत मिल रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
