Madhya Pradesh

सभी व्यक्ति स्वदेशी वस्तुओं का दैनिक जीवन में उपयोग करें : उप मुख्यमंत्री देवड़ा

सभी व्यक्ति स्वदेशी वस्तुओं का दैनिक जीवन में उपयोग करें : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

मंदसौर, 7 नवंबर (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय गीत, वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगाँठ के उपलक्ष्य में देशभर के साथ-साथ मंदसौर जिले में भी वंदे मातरम गीत का सम्पूर्ण गायन कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। यह आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे आडिटोरियम, मंदसौर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर वंदे मातरम का सामूहिक एवं पूर्ण गायन किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली से प्रसारित लाइव कार्यक्रम का प्रसारण भी आडिटोरियम में किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने बड़े उत्साह से देखा और सुना।

यह आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सभी विकासखण्डों एवं तहसील मुख्यालयों पर भी वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उप मुख्यमंत्री ने दिलाया स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने सभी नागरिकों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करना चाहिए। विदेशों से आयातित वस्तुओं के स्थान पर हमारे देश में निर्मित उत्पादों को अपनाएं। यही सच्ची देशभक्ति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हमारा योगदान है।

वर्षभर चलेगा वंदे मातरम 150 वीं वर्षगांठ का उत्सव

राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगाँठ के अवसर पर 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक वर्षभर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों को चार चरणों में विभाजित किया गया है — प्रथम चरण: 7 से 14 नवम्बर 2025 (शुभारंभ), द्वितीय चरण: 19 से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस विशेष), तृतीय चरण: 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ), चतुर्थ चरण: 1 से 7 नवम्बर 2026 (समापन सप्ताह)।

—————

(Udaipur Kiran) / अशोक झलोया