Uttar Pradesh

भाजपा से महिलाएं बना रही दूरियां : अखिलेश यादव

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पत्रकारों को संबोधित करते हुए।

लखनऊ,22 जून (Udaipur Kiran) । सरकार (भाजपा) के आंकड़े बताते हैं कि सबसे ज्यादा उत्पीड़न, अन्याय किसी के ऊपर हो रहा है तो महिलाओं के ऊपर हो रहा है, इस सरकार में। इधर देखने को मिला है कि सबसे ज्यादा असुरक्षित माहौल महिलाओं, बेटियों के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार में बन गया है। झूठे वादों के चलते भाजपा से महिलाएं दूरियां बना रही हैं। यह जुबानी हमला समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा सरकार पर किया। वे पार्टी मुख्यालय में महिला सभा की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

दरअसल 2027 ​में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अहम बैठक करते हुए अखिलेश यादव ने महिला उत्पीड़न और उनसे जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में जो योजना समाजवादी पेंशन की शुरू हुई थी, उसी योजना को बीजेपी और अन्य दलों ने लागू करके सरकार बना ली। इस बार उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर 3000 रुपये पेंशन देने का काम गरीब महिलाओं के लिए होगा।

उन्होंने कहा कि विद्या धन इन्होंने (भाजपा) बंद कर दिया है। सबसे ज्यादा बेटियों को लैपटॉप मिलता था, अब रद्दी टैबलेट दे रहे हैं। आने वाले समय में महिलाओं की सुरक्षा के लिए हम लोग 1090 को और सशक्त करके मजबूत बनाने का काम करेंगे। पंचायती राज में आरक्षण लागू करने का काम हम समाजवादी और नेताजी का था। हमें उम्मीद है जब 2027 में सरकार समाजवादियों की बन जाएगी तब महिला आरक्षण लागू होगा और बड़े पैमाने पर संगठन की महिलाओं को चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर 2027 में सपा की सरकार बनी तो पुलिस विभाग में महिलाओं की भर्ती के लिए हम ढांचागत बदलाव करेंगे।

अखिलेश ने एक बार फिर ईवीएम मशीन से चुनाव कराने को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि आपका वोट बैलेट से ही डलना चाहिए, वही पुराना तरीका कि हमें पता हो, कहां वोट डाल रहे हैं। मशीन का बटन दबाने से गुस्सा नहीं निकलता। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (जेपीएनआईसी) बेचना चाहे तो बेच सकती है, हम खरीदना चाहते हैं। एलडीए वीसी को पार्टी की ओर से चिट्ठी भेजने के अखिलेश यादव ने संगठन पदाधिकारियों को निर्देश दिए। इससे पूर्व अखिलेश यादव ने महिला सभा की बैठक करते हुए 2027 की तैयारी को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने वोटर लिस्ट से लेकर महिलाओं के मुद्दे पर चर्चा की। इस दौरान ​डिंपल यादव, जूही सिंह के साथ महिला सभा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं।

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top