
लखनऊ,22 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण व्यापार, कारोबार चौपट हो गया है। सरकार ने गलत तरीके से जीएसटी लगाकर महंगाई बढ़ाई। मुनाफाखोरी को बढ़ावा दिया। महंगाई, अन्याय, अत्याचार से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। यह बातें समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कही। वे सोमवार को जीएसटी की घटी दरें लागू होने पर प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
अखिलेश ने कहा कि अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। अवैध कारोबारियों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। जमीनों, तालाबों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। पशुओं की तस्करी, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, मिलावटखोरी और तमाम तरह के गलत काम हो रहे हैं। सरकार अवैध कामों को रोकने में विफल है। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। हत्या, लूट, बेईमानी रूकने का नाम नहीं ले रही है। भाजपा सरकार का पुलिस पर नियंत्रण नहीं रह गया है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। पुलिस से गलत काम करवाती है। अपने राजनीतिक एजेंडे को पूरा करने के लिए विपक्षी दलों के नेताओं पर झूठे मुकदमें लगवाती है। जब भाजपा सरकार पुलिस से पॉलिटिकल पोलिंग करायेगी, उन्हें चुनावी गोरखधंधे का हिस्सा बनाएगी तो अवैध कार्यों, भ्रष्टाचार और वसूली में पुलिस की मिलीभगत को नज़र अंदाज करने पर मजबूर भी होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल है। हत्या, लूट, बलात्कार, चेन स्नेचिंग की घटनाएं बढ़ती जा रही है। इस सरकार में महिलाओं-बेटियों के साथ अपराध की घटनाएं कम नहीं हो रही है। महिलाओं के साथ देश में सबसे ज्यादा अपराध उत्तर प्रदेश में हो रहे है। इस सरकार ने पुलिस को खराब कर दिया है। हर तरह का भ्रष्टाचार हो रहा है। हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार है। आम जनता त्रस्त है। अन्याय, अत्याचार की पराकाष्ठा है। लोगों के साथ भेदभाव हो रहा है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार ने अपने कारनामों से पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। यह सरकार जाएगी तभी न्याय मिलेगा। कानून व्यवस्था में सुधार होगा। अवैध कारोबार पर रोक लगेगी। स्वास्थ्य-व्यवस्था में सुधार होगा।
इससे पूर्व पार्टी मुख्यालय में महाराजा अग्रसेन की जयंती सोमवार को मनाई गई। अखिलेश यादव ने पार्टी नेता और पदाधिकारियों के साथ महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन अग्रोदय नामक गणराज्य के महाराजा थे, जिसकी राजधानी अग्रोहा थी। वे धार्मिक, शांति दूत, बलि प्रथा को बंद करवाने वाले दयालु राजा थे।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, पूर्व विधायक रुश्दी मियां, विधायकगण सुरेश यादव, गौरव रावत तथा हृदयनारायण सिंह पटेल, पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय, राष्ट्रीय सचिव अपर्णा जैन, विशाल अग्रवाल, नितेंद्र यादव, संजय अग्रवाल, विनय गुप्ता, नीरज गुप्ता, सुनील जैन, अंकुश, अमर आदि उपस्थित रहें।
—————
(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा
