
रांची, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । आजसू पार्टी ने एचइसी के ठेका मजदूरों के आंदोलन का समर्थन किया है और एचइसी प्रबंधन को चेतावनी दी है कि 17 दिनों से जारी एचईसी सप्लाई मजदूर संघर्ष समिति के आंदोलन का उचित समाधान करें नहीं तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
मजदूरों के निमंत्रण पर आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत और पार्टी के नेता प्रवीण प्रभाकर गुरुवार को एचइसी मुख्यालय पर प्रदर्शन में शामिल हुए और उनकी मांगों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
इस
मौके पर डॉ. देवशरण भगत ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि एचइसी प्रबंधन ने 1400 ठेका मजदूरों को आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से रखने का निर्णय लिया है। इसका मजदूर विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एचईसी प्रबंधन सप्लाई कामगारों का शोषण करने का प्रयास नहीं करे।
मजदूरों का हक नहीं छीनने देंगे : प्रवीण
प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि ठेका मजदूरों का हक छीनने नहीं दिया जाएगा। आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से झारखंडी मजदूरों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजसू ने संघर्ष कर झारखंड राज्य इसलिए बनाया है कि गरीबों–मजदूरों को हक मिल सके। स्थानीय विस्थापित मजदूरों के हितों को नजरअंदाज कर एचइसी का जीर्णोद्धार पूर्ण नहीं माना जा सकता। जरूरत पडने पर केन्द्र सरकार तक मुद्दा उठाया जाएगा।
इधर, संघर्ष समिति ने नेहरू पार्क से एचइसी मुख्यालय और जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया तथा सभा की।
सभा की अध्यक्षता करते हुए दिलीप सिंह ने कहा कि 25 वर्षों से काम करने वाले मजदूरों को प्रबंधन आउटसोर्सिंग के हवाले करना चाहती है। लेकिन कोई मजदूर आउटसोर्सिंग का फॉर्म नहीं भरा है। जबतक प्रबंधन पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं करता और चार महीना का वेतन नहीं देता है आंदोलन चलता रहेगा।
सभा को रंथु लोहरा, मनोज पाठक, उवैस आज़ाद, वाई त्रिपाठी, राजेश शर्मा, मोईन अंसारी, शारदा देवी, शांति देवी, रोहित पाण्डेय, प्रेम नाथ शाहदेव, फिरोज अंसारी सहित अन्य ने भी संबोधित किया।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
