
रांची, 5 सितंबर (Udaipur Kiran) झारखंड में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो की अगुवाई में शुक्रवार को सिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में ‘शिक्षक दिवस’ के उपलक्ष्य में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया। समारोह के दौरान कई शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान सिल्ली प्रखंड के विभिन्न उच्च और मध्य विद्यालयों के प्राचार्यों और सहायक शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में भजोहरि महतो, विजय महतो, प्रो. राधेश्याम साहु, प्रो. गिरिजानंदन महतो, धीरेन्द्र नाथ महतो, सीएल प्रजापति, उपेन्द्र नाथ महतो, चंद्रकांत महतो सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
इस अवसर पर सुदेश महतो ने कहा कि गुरुजन समाज के निर्माता हैं। उनका मार्गदर्शन और ज्ञान ही नई पीढ़ी की नींव तैयार करता है। शिक्षकों का सम्मान करना हमारी संस्कृति का हिस्सा है और हमें उनके योगदान को हमेशा याद रखना चाहिए।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुदेश महतो, विशिष्ट अतिथि रांची जिला परिषद की उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, केंद्रीय महासचिव नजरुल हसन हाशमी, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता और सिल्ली की उपप्रमुख आरती देवी उपस्थित थीं। समारोह का संचालन सुनील सिंह ने किया।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
