West Bengal

एयर इंडिया की वैंकुवर-दिल्ली उड़ान कोलकाता से उड़ान भरने के 25 मिनट बाद लौटी, यात्री की तबीयत बिगड़ने पर हुई आपात लैंडिंग

फ्लाइट

कोलकाता, 27 जून (Udaipur Kiran) ।वैंकुवर से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को कोलकाता से उड़ान भरने के करीब 25 मिनट बाद वापस लौटना पड़ा, जब एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। एयर इंडिया के एक अधिकारी ने शुक्रवार सुबह इस घटना की जानकारी दी।

यह उड़ान संख्या एआई 186 थी, जो वैंकुवर से कोलकाता होते हुए दिल्ली जा रही थी। विमान में कुल 162 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। कोलकाता में इसका पहले से तय एक तकनीकी ठहराव था, जो इन दिनों पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बंद होने जैसे भू-राजनीतिक हालात के चलते कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्ग बदलने के कारण जरूरी हो गया है।

कोलकाता से उड़ान भरने के करीब 25 मिनट बाद विमान को वापस लौटना पड़ा। एयर इंडिया अधिकारी ने बताया कि विमान ने शाम 6:20 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और यात्री की तबीयत बिगड़ने के बाद इसे एहतियातन वापस बुला लिया गया। विमान शाम सात बजे के बाद कोलकाता हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा।

एयर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक, जिस यात्री की तबीयत बिगड़ी थी, उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए पायलटों ने लैंडिंग से पहले डॉक्टर और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। बीमार यात्री को विमान से उतारने के बाद फ्लाइट रात 8:30 बजे कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना हो गई। इसके बाद रात 11:45 के करीब दिल्ली हवाई अड्डे पर फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग हुई।

प्रवक्ता ने बताया है कि एयर इंडिया द्वारा इस घटना से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का पालन किया गया और बीमार यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top