Uttrakhand

आंदोलनरत कर्मचारियों को मिला सामाजिक और राजनीतिक दलों का समर्थन

धरना देते कर्मचारी

हरिद्वार, 11 जुलाई (Udaipur Kiran) । गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में चल रही उठापटक तथा शीर्ष प्रशासन की मनमानी के खिलाफ चल रहा कर्मचारियों का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को धरना स्थल पर जाट यूनियन, भारतीय किसान यूनियन, भाजपा एवं कांग्रेस व जिला पेशनर्स कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने पहुंचकर आन्दोलनरत कर्मचारियों का समर्थन करते हुए अपना पूर्ण समर्थन दिया।

इस अवसर पर जिला कर्मचारी पेंशनर्स संगठन के नेता जेपी चाहर ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय भारत ही नहीं विश्व की धरोहर है। इसकी अस्मिता के साथ किसी को भी छेड़छाड़ करने का अधिकार नहीं दिया जाएगा।

जाट महासभा पंचपुरी हरिद्वार के अध्यक्ष डीके चौधरी व कांग्रेस नेता राहुल चौधरी ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में विशेष पहचान विश्व में रखता है। इसका संचालन भारत सरकार के नियमों के अनुसार किया जाता रहा है। इन नियमों के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भाजपा नेता डा. विशाल गर्ग ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय को कुछ लोग अपनी महत्वकांक्षा सिद्ध करने के लिए भारत सरकार के नियमों को दरकिनार कर कर्मचारियों का शोषण करने के लिए अग्रसर है। उन्हें किसी भी कीमत पर इस प्रयास में सफल नहीं होने दिया जाएगा।

यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज व महामंत्री नरेन्द्र मलिक ने धरना स्थल पर समर्थन देने पहुंचे समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हम सभी न्याय व नियमों की लड़ाई लड़ रहे हैं। आप सभी का समर्थन हमारे लिए ऊर्जा का संचार है।

इस अवसर पर डा. जसवीर राठी, सतीश मलिक, रविन्द्र कुमार, बलवीर सिंह, चौधरी नाथीराम, रविन्द्र कुमार, नरेश बालियान, गुलवीर सिंह व नरेंद्र चौहान अन्य साथियों सहित विभिन्न कर्मचारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top