
शिमला, 7 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मॉनसूनी आपदा से बुरी तरह तरह प्रभावित रहे पहाड़ी प्रदेश हिमाचल में अब पर्यटन कारोबार पटरी पर आने लगा है और सैलानी यहां की वादियों का रुख कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला में कहा कि हिमाचल प्रदेश अब पूरी तरह से पर्यटन के लिए सुरक्षित और खुला है। उन्होंने देशभर के पर्यटकों से अपील की कि वे हिमाचल आएं और यहां की शुद्ध वायु, शांत वातावरण व प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश और आपदाओं के कठिन दौर के बाद अब प्रदेश का पर्यटन व्यवसाय दोबारा पटरी पर लौट आया है। होटल, सड़कें और अन्य पर्यटन स्थल अब पूरी तरह सामान्य हैं, इसलिए पर्यटक निश्चिंत होकर हिमाचल की ओर रुख कर सकते हैं।
जलवायु परिवर्तन को लेकर मुख्यमंत्री ने चिंता जताई और कहा कि हिमाचल में सर्दियों की शुरुआत पहले हो जाना स्पष्ट रूप से क्लाइमेट चेंज का असर है। उन्होंने बताया कि राज्य में मौसम के असामान्य बदलाव दिखाई दे रहे हैं और इस विषय पर केंद्र सरकार को अवगत करवाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून सीजन में हुई तबाही से हुए नुकसान की रिपोर्ट केंद्र को भेज दी गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राहत पैकेज देने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक 1500 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही केंद्र से राशि आएगी, हम प्रधानमंत्री का आभार जताएंगे।
मुख्यमंत्री ने उच्चतम न्यायालय में हुई उस घटना की भी कड़ी निंदा की, जिसमें मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने की कोशिश हुई थी। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटना है, जो देश की संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने साथ ही बताया कि प्रदेश कांग्रेस संगठन विस्तार को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि कुछ तय कार्यक्रमों के बाद संगठन विस्तार की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 13 अक्टूबर को प्रस्तावित है और उसके बाद पार्टी संगठन विस्तार की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के कार्यक्रम की भी संभावना है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
प्रदेश में दिसम्बर में प्रस्तावित पंचायत चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह तैयार हो जाएगा और नए अध्यक्ष के नाम पर भी इसी माह फैसला हो जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
