Uttar Pradesh

दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को हुई झमाझम बारिश, उमसभरी गर्मी से मिली निजात

दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को हुई झमाझम बारिश, उमसभरी गर्मी से मिली निजात

मुरादाबाद, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद में बुधवार को दोपहर तक उमस भरी गर्मी के बाद शाम को एक घंटे की ताबड़तोड़ बारिश से महानगर में जहां जल भराव हो गया वहीं गर्मी से काफी हद तक निजात मिल गई।

मानसून बारिश शुरू होने के बाद बीते दस दिन से जनपद में हर पहर के हिसाब से मौसम बदल रहा है। बुधवार को मुरादाबाद का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को भी मुरादाबाद में बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी भी होगी।

बुधवार सुबह से शहरवासियों को उमस ने बेहाल किया। आज दोपहर तक धूप निकलने के कारण वातावरण में उमस बहुत ज्यादा बढ़ गई। कूलर और पंखे चलने के बाद भी लोग पसीने से भीग रहे थे। आज शाम साढ़े चार बजे अचानक काली घटाएं छाईं और देखते ही देखते ताबड़तोड़ बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ही तेज हवाएं भी चलने लगी। लगातार एक घंटे हुई बारिश से हाईवे समेत अन्य जगहों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। सड़क पर जलभराव होने के कारण चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।

मौसम विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह वातावरण में नमी 70 फीसदी थी। हवा की गति पूरब से पश्चिम दिशा में 11 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विशेषज्ञ प्रो एके सिंह ने बताया कि बादलों की आवाजाही रहने के साथ ही मुरादाबाद और इसके आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे। वैसे इस पूरे सप्ताह बारिश की संभावना है।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top