Uttar Pradesh

दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को हुई झमाझम बारिश, गर्मी से मिली निजात

रविवार शाम को मुरादाबाद के एमडीए स्थित रामगंगा विहार में बारिश के दौरान गुजरते वाहन।

मुरादाबाद, 13 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद में रविवार को दोपहर तक उमस भरी गर्मी के बाद शाम को दाे घंटे की झमाझम बारिश से महानगर में जहां जल भराव हो गया वहीं गर्मी से काफी हद तक निजात मिल गई। शनिवार शाम को भी दो घंटे की बरसात हुई थी।

मानसून बारिश शुरू होने के बाद बीते एक सप्ताह से जनपद में हर पहर के हिसाब से मौसम बदल रहा है। शनिवार को मुरादाबाद का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों अनुसार कल से शुरू होने वाले सप्ताह में प्रतिदिन बारिश के आसार हैं।

रविवार सुबह शहरवासियों को उमस ने बेहाल किया। आज दोपहर तक धूप निकलने के कारण वातावरण में उमस बहुत ज्यादा बढ़ गई। कूलर और पंखे चलने के बाद भी लोग पसीने से भीग रहे थे। आज शाम साढ़े पांच बजे अचानक काली घटाएं छाईं और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ही तेज हवाएं भी चलने लगी। लगातार तीन घंटे हुई बारिश से हाईवे समेत अन्य जगहों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। सड़क पर जलभराव होने के कारण चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।

मौसम विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह वातावरण में नमी 75 फीसदी थी। हवा की गति पूरब से पश्चिम दिशा में 13 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विशेषज्ञ प्रो एके सिंह ने बताया कि बादलों की आवाजाही रहने के साथ ही मुरादाबाद और इसके आसपास के क्षेत्रों में कल से शुरू होने वाले सप्ताह में सातों दिन बारिश की संभावना है।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top