Uttar Pradesh

एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने पदभार ग्रहण किया

2013 में रह चुके गोरखपुर डीआईजी*

गोरखपुर, 05 जुलाई (Udaipur Kiran) । 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी मुथा अशोक जैन ने आज एडीजी जोन का पदभार ग्रहण किया। सर्किट हाउस में मुथा अशोक जैन को गार्ड ऑफ आनर दिया गया। उसके बाद अपने कार्यालय पहुंच कर डॉ के एस प्रताप कुमार से पदभार संभाला।

एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने कहा कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाना पहली प्राथमिकता, अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर विशेष चौकसी बरती जाएगी, महिला अपराध, गौ तस्करी पर पूर्ण लगाम लगाया जाएगा। श्री जैन भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में अपर पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात थे। इससे पहले वे 2012-13 में गोरखपुर के DIG के रूप में भी सेवा दे चुके हैं।

आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में जन्मे अशोक मुथा जैन ने बीकॉम के बाद IIM लखनऊ से MBA (विपणन व वित्त) किया। 28 दिसम्बर 1995 को वे भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए। करियर की शुरुआत वाराणसी में SP सिटी के रूप में हुई, जहां उन्होंने अपराध नियंत्रण में सराहनीय योगदान दिया। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद, कानपुर, इटावा, जौनपुर, फर्रुखाबाद और ललितपुर में SP व SSP के रूप में सफलतापूर्वक जिम्मेदारी संभाली। गोरखपुर, फैजाबाद और सहारनपुर में वे DIG के रूप में भी तैनात रहे।

केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति के तहत अशोक मुथा जैन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) में डिप्टी डायरेक्टर जनरल के पद पर रहे। इस दौरान वे कई हाई-प्रोफाइल ड्रग मामलों की जांच से जुड़े, जिनमें अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान का केस भी शामिल है।

उनकी सूझबूझ, कानूनी समझ और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें एक प्रभावी जांच अधिकारी के रूप में स्थापित किया है। जनवरी 2022 में उन्हें ADG के पद पर प्रमोट किया गया और मार्च 2024 से वे भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड में ADG के तौर पर कार्यरत थे।

गोरखपुर से अशोक जैन का पुराना नाता रहा है। DIG रहते हुए उन्होंने यहां अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को लेकर ठोस पहल की थी। अब ADG के रूप में उनकी वापसी को पुलिस महकमे में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद के तौर पर देखा जा रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रिंस पाण्डेय

Most Popular

To Top