
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । अखिल भारतीय सारस्वत परिषद ने आचार्य मनोज दीक्षित को अपनी केंद्रीय चयन समिति का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसकी औपचारिक घोषणा शनिवार को परिषद के महानिदेशक और राष्ट्रीय संयोजक डॉ. विवेकानंद तिवारी ने की।
आचार्य मनोज ने अपनी नियुक्ति के बाद कहा कि यह नियुक्ति राष्ट्रवादी संगठन अखिल भारतीय सारस्वत परिषद को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. विवेकानंद तिवारी ने कहा कि आचार्य मनोज की नियुक्ति से परिषद का मिशन और सशक्त होगा। उनका नेतृत्व राष्ट्र और समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान देगा। परिषद का उद्देश्य भारत की समृद्ध संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। यह संस्था राष्ट्र की एकता और सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत है।
अखिल भारतीय सारस्वत परिषद देश की प्रमुख हस्तियों से जुड़ी है, जिनमें जगदगुरु शंकराचार्य पुरी स्वामी निश्चलानंद सरस्वती, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय अधिकारी शामिल हैं। यह संगठन सामाजिक एकता और राष्ट्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था का मानना है कि व्यक्ति, परिवार और समाज का सर्वांगीण विकास ही भारत को परम वैभव की ओर ले जा सकता है।
———-
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
