नई दिल्ली, 6 मई (Udaipur Kiran) । उत्तर पश्चिमी जिला पुलिस ने सरस्वती विहार इलाके में दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या में शामिल आरोपित को गिरफ्तार किया है। वह मामले में अदालत से पैरोल लेकर करीब दो साल से फरार चल रहा था। उत्तरपश्चिमीजिले के डीसीपी भीष्म सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान जेजे कॉलोनी शकूरपुर निवासी रमेश उर्फ बजरंगी (51) के तौर पर हुई है।
थाना सरस्वती विहार के “दुष्कर्म और हत्या” मामले में आरोपित रमेश उर्फ बजरंगी को अदालत ने दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। मगर वह पैरोल लेकर फरार हो गया। सुभाष प्लेस थाने की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी ने बताया कि साल 1999 में रमेश ने दुष्कर्म के बाद एक महिला की हत्या कर दी थी। इस बाबत सरस्वती विहार थाने में आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म व हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत ने उसे दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वह मंडोली जेल में बंद था। अदालत ने उसे तीन सप्ताह की पैरोल दी थी। मगर वह पैरोल जंप कर फरार हो गया। आरोपित करीब दो साल से फरार चल रहा था। एसएचओ सुभाष प्लेस महेश कुमार की टीम को आरोपित के बारे में गुप्त सूचना मिली। जिसके बाद जाल बिछाकर पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
