ACB ने PHED के अधीक्षण अभियंता विष्णुचंद गोयल को ₹84 हजार का iPhone लेते रंगे हाथों दबोचा

जयपुर, 09 जनवरी 2026 (Udaipur Kiran). भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) वृत झालावाड़ के अधीक्षण अभियंता श्री विष्णु चंद गोयल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी को परिवादी से ₹84,000 कीमत का Apple iPhone XR रिश्वत के रूप में प्राप्त करते समय पकड़ा गया।

ACB Rajasthan action

ACB मुख्यालय के निर्देश पर ACB झालावाड़ चौकी द्वारा की गई इस कार्रवाई की पुष्टि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक श्री गोविंद गुप्ता ने की। उन्होंने बताया कि परिवादी ने दिनांक 05.01.2026 को ACB में शिकायत दी थी कि वह जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग खंड झालावाड़ में Hand Pump Repair, Pipeline Leakage Repair और Land Connection से जुड़े कार्य कर रहा है।

परिवादी के अनुसार, पूर्व में रजिस्ट्रेशन के नाम पर उससे ₹25,000 की राशि ली जा चुकी थी। इसके बाद आरोपी अधिकारी एवं उनके सहयोगी बार-बार आपत्तियां निकालकर नाजायज रूप से परेशान करते थे और कार्य से हटाने की धमकी देते थे। अगस्त माह से ही आरोपी द्वारा एक iPhone Mobile की मांग की जा रही थी। लेबर बिल को फर्जी बताकर Debar करने की धमकी दी जाती रही और त्योहारों पर “कुछ नहीं देने” जैसे आरोप लगाए गए।

परिवादी ने बताया कि जब वह अधीक्षण अभियंता (SE) श्री विष्णु चंद गोयल से मिला, तो उन्होंने बकाया बिल पास करने और परेशान न करने की एवज में रिश्वत के रूप में iPhone 16 Pro मोबाइल की मांग की, जिसकी कीमत लगभग ₹1.30 लाख बताई गई। शिकायत पर ACB द्वारा दिनांक 07.01.2026 को रिश्वत मांग का Confidential Verification कराया गया, जिसमें आरोपी द्वारा iPhone Pro 16 / 17 की मांग किए जाने की पुष्टि हुई, जिसकी कीमत लगभग ₹1.50 लाख बताई गई।

इसके बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। दिनांक 09.01.2026 को परिवादी, आरोपी के कहने पर उसके नाम का बिल बनवाकर Apple iPhone XR लेकर कार्यालय पहुंचा। जैसे ही आरोपी श्री विष्णु चंद गोयल ने रिश्वत के रूप में मोबाइल स्वीकार किया, ACB टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

यह ट्रैप कार्रवाई ACB कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस श्री आनंद शर्मा के सुपरविजन में तथा ACB झालावाड़ चौकी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक श्री साजिद खान द्वारा मय टीम अंजाम दी गई।

ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ और आवासीय तलाशी की कार्रवाई जारी है। ACB द्वारा आरोपी के विरुद्ध Prevention of Corruption Act के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।

Leave a Comment