
मंडी, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । द इंडियन हीरोज ट्स्ट के सौजन्य से 26 वर्षीय अभिषेक यादव जो उतर प्रदेश के जिला देवरिया गांव बरूआडीह के रहने वाले हैं, भारतीय फौजी भाईयों व शहीद सैनिकों के सम्मान के लिए भारत साइकल यात्रा पर निकले हैं। शुक्रवार को जब अभिषेक यादव मंडी के पास जरली मलोरी में फोरलेन सुरंग में प्रवेश द्वार के करीब थे तो मंडी नगर निगम के पार्षद वीरेंद्र आर्य की नजर उन पर पड़ी और उत्सुकतावश उन्होंने उसे रोक लिया व जानकारी लेने लगे।
वीरेंद्र आर्य ने अभिषेक का स्वागत किया व उन्हें अपने आवास पर चाय के लिए भी आमंत्रित किया। बातचीत में अभिषेक यादव ने बताया कि यह यात्रा 47000 किलोमीटर की है। यह दुनिया की सबसे लंबी एक साइकिल यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान वह 61 आर्मी छावनियों से होते हुए भारत के सभी राज्यों से होते हुए 900 दिन बाद अपने गृह जिले देवरिया पहुंचेंगे। वह द इंडियन हीरोज ट्स्ट, परिवारजनों व शुभचिंतकों की मदद व आशीर्वाद से 19 दिसंबर 2024 को यात्रा पर निकले थे। अभी उनका सफर एक तिहाई ही हुआ है और वह हिमाचल से होकर लेह लद्दाख तक जाएंगे। भारतीय फौजियाें व शहीद सैनिकों के संबंध में लिखे नारों व लहराते तिरंगे से सुसज्जित साइकल के साथ यात्रा को आगे बढ़ाते हुए अभिषेक यादव का यात्रा करने का यह उदेश्य है कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों व शहीद सैनिकों के परिवारों को पूरा सामाजिक व प्रशासनिक सम्मान मिलना चाहिए।
शहीद सैनिकों के सम्मान में उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं द्वारा कम से कम कागजी कार्रवाई करवाते हुए लाभांवित करना चाहिए जैसे खेती के पट्टे, प्लाट एवं राशन कोटा की दुकानें तथा सुगम ऋण आदि है। शहीद सैनिकों के सम्मान में उनके बच्चाें के लिए आर्मी, सैनिक व मिलिट्ी स्कूलों में स्थाई तौर पर निशुल्क शिक्षा तथा सशस्त्र सेना में जाने के लिए विशेष सहायता व आरक्षण की योजना बनाई जाए, शहीद सैनिकों की बेटियों की शादी के लिए प्रदेश व केंद्र के सरकारें 20 लाख का अनुदान संयुक्त तौर पर दें, इनकी समस्याओं को सुनने के लिए विशेष पुलिस इकाई हो। इसके अलावा सेवानिवृत सैनिक अधिकारी या सैन्य कर्मचारी को एक सम्मान कार्ड प्रदान किया जाए।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
