Haryana

फरीदाबाद में लोन बंद करने के नाम पर ठगी, युवक-युवती गिरफ्तार

साइबर पुलिस की गिरफ्त मे आरोपी युवक व युवती

फरीदाबाद, 23 जून (Udaipur Kiran) । लोन बंद करने की एवज में एक शख्स से 71 हजार रूपए की ठगी कर ली गई। पीडित को कई महीने बाद अपने साथ हुए इस फ्राड के बारे में पता चला। जिसके बाद अब साइबर पुलिस ने इस मामले में सोमवार को युवती और युवक को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना एनआईटी को संजय कालोनी के रहने वाले एक शख्स ने दी शिकायत में बताया है कि उसने मनी व्यू ऐप से लोन लिया था। जिसमें से लोन की 71 हजार रूपए की राशि बची हुई थी।

लोन को बंद कराने के लिए उसने साल 2024 में 4 अगस्त को मनी व्यू को ई-मेल किया था। जिसके बाद 5 अगस्त को उसके पास कॉल आया और बोला कि आप लोन बंद करवाना चाहते हैं। फिर शिकायतकर्ता की सहमती के बाद लोन बंद करने के लिए उसके पास एक फार्म भेजा गया और साथ ही एक खाता नंबर भी दिया गया। जिसपर 71 हजार 540 रूपए की पेमेंट करने के लिए बोला गया। पीडित ने पुलिस को बताया कि पेमेंट का भुगतान करने के बाद उसको व्हाट्सएप पर एक एनओसी लैटर भी भेजा गया। लेकिन पेमेंट करने के बाद भी जब कई महीने तक उसके खाते पर लोन दिखता रहा तो उसने मनी व्यू के कॉल सेंटर में कॉल किया।

जहां से उसको पता चला कि उसका लोन बंद नही हुआ है ना ही कोई राशि मनी व्यू के पास पहुंची है। तब उसको पता चला कि उसके साथ साइबर फ्राड हुआ है। साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने पीडित की शिकायत पर मालम दर्ज कर लिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शिवम (25) वासी देव नगर, मधुबनी, बिहार हाल निवासी अशोक नगर नई दिल्ली को नोएड़ा और शिवानी (22) निवासी राजबीर कॉलोनी, ईस्ट दिल्ली को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट मे पेश किया जहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Most Popular

To Top