
मुरैना, 04 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में दो पक्षों में चलीं ताबड़तोड़ गोलियों को लेकर लालौर फाटक अम्बाह बाईपास का क्षेत्र सोमवार सुबह कांप गया। लगभग आधे घंटे तक अवैध हथियारों से हुई गोलीबारी में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के पश्चात इलाज के लिये महिला को ग्वालियर भेजा गया है। वहीं पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर गोली चलाने वाले युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है। इस गोलीबारी में दोनों तरफ से अवैध हथियारों का जमकर उपयोग किया गया। इस घटना से अम्बाह बाईपास मार्ग का आवागमन लगभग एक घंटे तक अवरूद्ध रहा। पुलिस के पास अभी एक भी पक्ष नहीं पहुंचा है। इसलिये दोपहर तक गोली चलाकर महिला को घायल करने वालों के विरुद्ध अपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है। मामले की तह तक जाने के लिये पुलिस के आलाधिकारी ग्वालियर पहुंचकर घायल महिला से पूछताछ कर रहे हैं।
सोमवार सुबह अम्बाह बाईपास के लालौर रेलवे फाटक पर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। इस विवाद में पहले तो जमकर लाठी-डंडे चले, फिर एक दूसरे पर पथराव किया गया। कुछ ही देर में दोनों पक्ष से गोलीबारी होने लगी, जिसमें राजेन्द्र जाटव राजू की पत्नी श्रीमती सुनीता जाटव के दो गोलियां लग गई। सुनीता के दाहिने कंधे के नीचे सीने पर तथा दूसरी गोली पीठ पर लगी। इससे मौके पर हडक़म्प मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गये। घायल महिला सुनीता को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां गंभीर स्थिति को देखते हुये ग्वालियर के लिये भेज दिया गया। मौके पर पुलिस के पहुंचते ही गोली चलाने वाले सभी युवक भाग खड़े हुये। पुलिस इनकी पहचान कर रही है। इस गोलीबारी के पीछे विवाद का कारण पैसों का लेन-देन बताया जा रहा है।
घायल महिला सुनीता जाटव के परिजन का आरोपी पक्ष नबाव सोलंकी व उनके पुत्र अनिल, नीरज, मोनू से पैसों का लेन-देन था। इसे लेकर काफी दिनों से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। नबाव व उसके लडक़े नल फिटिंग का काम करते हैं। हालांकि इस विवाद में किसी महिला की छेडख़ानी की चर्चा भी सामने आ रही है। दोपहर तक यह परिदृश्य साफ नहीं हो पाया कि किस महिला की छेडख़ानी किसके द्वारा की गई है। पुलिस सभी बिन्दुओं को लेकर जांच में जुटी हुई है। मौके पर पहुंची थाना स्टेशन रोड़ पुलिस के पास कोई भी शिकायतकर्ता नहीं पहुंचा है। पुलिस ने अपने सूत्रों से गोली चलाने वाले कुछ युवकों की पहचान कर ली है। इनको पकडऩे के लिये पुलिस द्वारा दविश दी जा रही है।
दोनों पक्ष एक-दूसरे के हमले का बना रहे थे वीडियो
आज सुबह दोनों पक्षों में तू-तू मैं-मैं के बाद विवाद जब आरंभ हुआ तब दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे का वीडियो बना रहे थे।
गोलीबारी के दौरान भी यहीं स्थिति बरकरार रही। सोशल मीडिया पर वायरल गोलीबारी के वीडियो में यह साफ देखा जा रहा है कि दोनों पक्ष गोलीबारी व पथराव का वीडियो बना रहे हैं। थाना स्टेशन रोड़ पुलिस को सोशल मीडिया पर मिले वीडियो के आधार पर वीडियो बनाने वाले युवकों की पहचान कर रही है जिससे घटना के मूल आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता सुलभ हो जाये।
इस संबंध में मुरैना नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदोरिया का कहना है कि दो पक्षों में हुई गोलीबारी के दौरान घायल महिला को इलाज के लिये पुलिस के संरक्षण में ग्वालियर भेजा गया है। पीडित पक्ष द्वारा शिकायत किये जाने पर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जावेगी। वायरल वीडियो के आधार पर पहचाने गये आरोपियों की धरपकड़ के लिये पुलिस दल रवाना हो गये हैं। शीघ्र ही सभी आरोपियों को दाखिल हवालात कर दिया जायेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / राजू विश्वकर्मा
