HimachalPradesh

वीरभद्र सिंह की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, रामपुर में होगा चतुरवार्षिक श्राद्ध

शिमला, 23 जून (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की 91वीं जयंती पर सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर कृषि मंत्री चंद्र कुमार, लोक निर्माण मंत्री एवं वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा और मेयर सुरेंद्र चौहान सहित कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी गई।

विक्रमादित्य सिंह ने इस मौके पर कहा कि वीरभद्र सिंह का हिमाचल के चहुंमुखी विकास में ऐतिहासिक योगदान रहा है। आज उनके बताए रास्तों पर चलने का संकल्प लेने का दिन है, जिसमें उन्होंने क्षेत्रवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर पूरे प्रदेश के लिए कार्य किया। उन्होंने बताया कि रिज मैदान शिमला में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है, जिसका अनावरण पहले आज प्रस्तावित था, लेकिन अब यह कार्यक्रम 15 जुलाई को होगा। इस समारोह में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कैबिनेट मंत्री और विपक्ष के नेता शामिल होंगे।

इधर, वीरभद्र सिंह के निधन को चार वर्ष पूरे होने पर 24 जून को उनके पैतृक निवास रामपुर स्थित पदम पैलेस में उनका चवरख (चातुर्वार्षिक श्राद्ध) आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक और सार्वजनिक कार्यक्रम में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान सहित कई मंत्री व गणमान्य लोग भाग लेंगे। मुख्यमंत्री व राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

चवरख समारोह को लेकर रामपुर में तैयारियां जोरों पर हैं। इससे एक दिन पूर्व सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस द्वारा पदम पैलेस परिसर में रक्तदान शिविर भी लगाया गया। आयोजन के दौरान रामपुर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 24 जून को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी और हल्के वाहनों को वजीर बावड़ी से झाकड़ी होते हुए भेजा जाएगा। वीवीआईपी मूवमेंट के लिए अलग पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है जबकि एनएच-5 पर वाहन पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top