
अररिया 22 सितम्बर(Udaipur Kiran News) । शारदीय नवरात्र के पहले दिन सोमवार को फारबिसगंज प्रखंड के रानी पोखर स्थित दुर्गा मंदिर में कलश स्थापना के साथ कलश शोभायात्रा निकाली गई। इस धार्मिक अनुष्ठान में 501 कुंवारी कन्याओं ने भाग लिया।
शोभायात्रा रानी पोखर दुर्गा मंदिर से आरंभ होकर हिंगना, टिहला और शंकरपुर गांव होते हुए पुनः मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई। पूरे क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चारण और मां दुर्गा के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कलश यात्रा के पश्चात माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हुई। नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप माता शैलपुत्री की आराधना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
दुर्गापूजा समिति रानी पोखर के अध्यक्ष शिशुपाल कुमार एवं औराही पश्चिम पैक्स अध्यक्ष सुनील मंडल ने बताया कि गांव की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रत्येक वर्ष नवरात्रि की शुरुआत कलश स्थापना व शोभायात्रा से होती है।
यह कार्यक्रम पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न होता है, जिसमें समस्त ग्रामवासियों का सहयोग रहता है।
इस मौके पर पूर्व मुखिया सपना देवी, दयानंद मंडल, जितेंद्र कुमार, सुबोध मंडल, बिनोद मंडल, काजल कुमारी, डोली कुमारी, रानी कुमारी, शिल्पी देवी, तेत्री देवी, सरिता देवी, पूनम देवी, आदित्य कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, ईश्वर कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
(Udaipur Kiran) / राहुल कुमार ठाकुर
