
नई दिल्ली, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । दक्षिण जिले के मालवीय नगर थाना क्षेत्र में सुबह सैर पर निकले कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कांग्रेस नेता को घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पार्क में मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अंकित चाैहान ने बताया कि मृतक को तीन गोली मारी गई थी। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। यह वारदात विजय मंडल पार्क बेगमपुर में हुई है। गोली चलते ही जो लोग पार्क में मौजूद थे, वो वहां से भाग गए। मृतक के परिवार का दावा है कि लखपत सिंह कटारिया कांग्रेस के लोकल स्तर पर सक्रिय नेता थे।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9:53 बजे पार्क में गोली चलने की सूचना मिली। अभी वारदात की वजह का पता नहीं चल पाया है। पार्क में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित के परिवार वालों से संपर्क करके छानबीन की जा रही है। वहीं, पार्क में मौजूद एक गार्ड देवेंद्र सिंह ने बताया कि जिनको गोली मारी गई, वह रोजाना सैर पर आते थे। शुक्रवार सुबह भी वह पार्क में पहुंचे। इस बीच उनकी किसी से बहसबाजी हो गई। आरोपितों ने पहले उन पर बैट से हमला किया, फिर उसके बाद गोलियां चला दी। मामले की सूचना तुरंत पार्क के गार्ड ने पुलिस को दी। जिन्हें गोली मारी गई है, उनकी पहचान लखपत सिंह कटारिया के रूप में हुई है।
उल्लेखनीय है कि मृतक की पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह सहित कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीर है। उनके जानकारों का कहना है कि किसी से उनका विवाद भी हुआ था, आज उन पर पहले डंडे से हमला किया गया, फिर गोली मारी गई। फिलहाल पुलिस घटनास्ल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आरोपितों की पहचान करने में जुटी हुई है।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
