
भोपाल, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के करोंद स्थित कृषि उपज मंडी में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। आग मखाने के गोडाउन में लगी। इसमें लाखों का मखाना भरा था। आगजनी के बाद मंडी परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। आग ज्यादा न फैले, इसके लिए व्यापारी, हम्माल भी बुझाने में जुटे रहे। सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी अनुसार आगजनी की घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे हुई। मंडी व्यापारी संजीव कुमार जैन ने बताया, यह गोडाउन व्यापारी आशीष सिंह का है, जो उन्होंने करीब छह महीने पहले ही बनाया था। यहां पर लाखों रुपए के मखाने रखे थे। दीपावली और ठंड की वजह से ड्राइ फूट्स की डिमांड अधिक रहती है। इसलिए गोडाउन में मखाने का ज्यादा स्टॉक रखा था। सुबह गोडाउन में धुआं उठते हुए लोगों ने देखा। घटना की जानकारी मिलते ही मंडी निरीक्षक असलम खान ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। तुरंत आसपास के फायर स्टेशन से दमकलें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने लगी। शुरू में चार दमकल मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद नगर निगम की ओर से कुल 8 दमकलों को भेजा गया। आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
