Jharkhand

स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की आधारशिला है: राज्यपाल

कार्यक्रम को। संबोधित करते हुए राज्यपाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री
कार्यक्रम की तस्वीर

रांची, 17 सितंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन बुधवार को सदर अस्पताल रांची में आयोजित स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने पिछले एक दशक में सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है।प्रधानमंत्री सदैव जनकल्याण को अपनी नीतियों का केंद्र बिंदु मानते हैं। इस अभियान के माध्यम से भी महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार के सशक्तिकरण को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर और जोर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की आधारशिला है और सशक्त परिवार ही सशक्त भारत का निर्माण करता है। इस अभियान के अंतर्गत झारखण्ड में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से लेकर जिला अस्पतालों तक स्वास्थ्य जांच और जागरूकता शिविर आयोजित किए जाने हैं।

राज्यपाल ने कहा कि इस अभियान की पूर्ण सफलता तभी संभव है, जब जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी, पंचायत सदस्य, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया दीदी, स्वयंसेवी संस्थाएं और मीडिया सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि झारखंड के अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और नागरिक मिलकर इस अभियान को स्वास्थ्य-जागरण का महाअभियान बनायेंगे।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाएं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी और कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की नींव रखती है। महिलाओं की भूमिका समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। एक स्वस्थ नारी ही परिवार और समाज को सशक्त बना सकती है। हमारी सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकता मानती है। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और जागरूकता को लेकर सरकार निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब महिलाएं स्वस्थ और सुरक्षित होंगी, तब परिवार मजबूत होगा और आने वाली पीढ़ी भी स्वस्थ और सशक्त बनेगी। हमारी सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, क्योंकि महिला ही परिवार और समाज की आधारशिला है। महिलाएं आज पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज के हर क्षेत्र में अग्रसर हैं। महिलाएं आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से निरंतर आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में महिलाएं अपनी सक्रिय भागीदारी से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। स्वरोजगार योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों और सरकारी नीतियों का लाभ उठाकर वे अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ समाज के आर्थिक विकास में भी योगदान दे रही हैं। सामाजिक क्षेत्र में महिलाएं जागरूकता, नेतृत्व और सहभागिता की भूमिका निभा रही हैं। पंचायतों से लेकर उच्च पदों तक उनकी उपस्थिति समाज को नई दिशा दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी तभी समाज और राज्य मजबूत होगा। इसी उद्देश्य से सरकार ने महिलाओं के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाएं लागू की हैं, जिनमें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, मातृत्व लाभ योजनाएं, पोषण आहार वितरण, किशोरियों के लिए स्वास्थ्य व स्वच्छता अभियान और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयास शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महिला स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे कि समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराया जा सके। शिक्षा के क्षेत्र में छात्रवृत्ति, निःशुल्क शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए बेटियों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में मातृत्व लाभ योजनाएं, पोषण अभियान और निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारी राज्य की बेटियां शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलकूद के क्षेत्र में नई उंचाइयां छू रही हैं। वे केवल राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। चाहे खेल का मैदान हो, शैक्षणिक उपलब्धि हो या चिकित्सा एवं अनुसंधान का क्षेत्र झारखंड की बेटियां अपनी मेहनत और लगन से राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। यह हम सबके लिए गर्व का विषय है।

इस मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, आदित्य साहू, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ,मुख्य कार्यकारी अधिकारी (राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण) सुनील कुमार बर्णवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।———-

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top