
आर एस पूरा, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । “आजादी के अमृत काल“ के तहत आज भारतीय जनता पार्टी जम्मू कश्मीर की तरफ से चलाए जा रहे हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत जम्मू बॉर्डर जिला के दबलैहड़ मंडल में मंडलाध्यक्ष देवी दिता की अगुवाई में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ दबलैहड़ से हुआ जिसमें मुख्य रूप से पूर्व मंत्री चौधरी शाम लाल, सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विद्यायक सुचेतगढ़ प्रोफेसर गारू राम भगत, भाजपा जम्मू-कश्मीर प्रदेश सचिव पवन शर्मा , भाजपा जिला जम्मू बॉर्डर अध्यक्ष रिंकू चौधरी सहित बड़ी संख्या में मंडल के लोगों ने भाग लिया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने बारिश के मौसम के बीच भी पूरे जोश एव जज्बे के साथ भारत माता की जय जैसे जयकारे लगाए और देशहित में हर साल की तरह तिरंगा यात्रा निकालने तथा स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों व अपने अपने कार्यालयों मे राष्टरीय ध्वज फहराने का संदेश दिया।
इस रैली का समापन रठाना में शहीद गुरनाम सिंह की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद किया गया। इस मौके पर चौधरी शाम लाल, प्रो गारू भगत, पवन शर्मा, रिंकू चौधरी आदि भाजपाईयों ने शहीद गुरनाम सिंह को याद कर उनकी प्रतिमा पर फूल-मालाएं अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में चौधरी शाम लाल ने कहा कि तिरंगा भारत की शान है, देश भक्ति का प्रतीक है, हम सबको अपने देश के ध्वज को सदा ऊंचा रखने के लिए हर वक्त तैयार रहना चाहिए । देश के जिन वीर जवानों ने देश की खातिर अपने प्राणों की आहुति दी है आज हम उनके फिर नमन कर रहे हैं और आने वाले समय में करते रहेंगे। इस मौके पर पवन शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी के आह्वान पर इस तरह की पूरे देश में तिरंगा रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। देश का प्रत्येक नागरिक अपने घरों में तिरंगा फहराएं। आज हम देश के शूरवीरों का नमन करते है। जो हमारे देश की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दिखाया है, उनका भी हम सम्मान करते हैं। देश की जनता इस तिरंगे के नीचे आ कर देश को आगे बढ़ाने के मोदी के सपने को साकार बनाने में अपना योगदान दें ताकि हमारा देश और विकसित देश बन सके।
इस अवसर पर विधायक प्रोफेसर गारू राम भगत ने कहाकि जो पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतत्व में पूरा देश एकजुट होकर देश के एकता एवं अखण्डता के लिए जगह जगह तिरंगा रैली निकाल रहे हैं। आज दबलैहड़ से रठाना तक तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया है। शहीद गुरनाम सिंह व देश के तमाम शहीद वीर जवानों को हम कोटि कोटि नमन करते है। शूरवीर जवानों की बदौलत देश की जनता सुख चैन से रह रही है। हम शहीदों के परिजनों को नमन करते हैं, जिनके सपूतों ने अपने प्राणों की आहुतियां देकर देश के बेहतर कल की नींव रखी है। पूरा देश ऐसे शहीद वीर जवानों का ऋणी रहेगा। इस मौके पर सतपाल पप्पी, अशोक विरदी, सन्नी महाजन, भूपेन्द्र सिंह, जसवीर सिंह, नत्था राम समेत बड़ी संख्या में अन्य लोग भी मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / बुपिंदर सिंह
