
बलिया, 20 सितंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशाें के बीच मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। बीते दिनाें लूट का विरोध करने पर उसने प्रधानाध्यापक की गोली मारकर हत्या की थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस बदमाश की तलाश में थी।
क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता ने शनिवार को बताया कि उभांव थाना पुलिस शुक्रवार की देर रात को चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मोटर साइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रुकने का इशारा करते हुए पुलिसकर्मी उसकी ओर बढ़ने लगे। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर चालक ने मोटर साइकिल पीछे की ओर माेड़ी और भागने लगा। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान जनपद देवरिया के नंदपुर कुकर घाटी निवासी राजकुमार के बेटे नीतिश कुमार सिह उर्फ मोहन सिंह के रूप में हुई है। वही, दूसरा बदमाश देवरिया के बरहज निवासी विकास सोनकर फरार हो गया है।
पूछताछ में पता चला कि घायल बदमाश नीतीश ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर 16 सितंबर को उभांव में एक महिला अध्यापिका राधिका वर्मा के गले से सोने की चेन छीनी थी। उसी दिन साहूंपुर में प्रधानाध्यापक देवेन्द्र प्रताप यादव व उनकी मोटरसाइकिल पर बैठी महिला अध्यापिका कंचन सिंह से सोने की चेन व अंगूठी लूट ली थी। साथ ही प्रधानाध्यापक देवेन्द्र प्रताप यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
सीओ ने बताया कि घायल बदमाश नीतीश को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भेजा गया है। उसके पास से एक पिस्टल, दो खोखा कारतूस व तीन जिन्दा कारतूस समेत एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। फरार बदमाश की तलाश जारी है।————–
(Udaipur Kiran) / नीतू तिवारी
