Madhya Pradesh

उज्जैनः राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ वृहद् गृह सम्पर्क अभियान 1 दिसंबर से

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ वृहद् गृह सम्पर्क अभियान 1 दिसंबर से

उज्जैन, 28 नवंबर (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा 1 दिसंबर से वृहद् गृह सम्पर्क अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। उज्जैन महानगर के 7 नगरों की 65 बस्तियों के 550 मौहल्लों में घर-घर जाकर सम्पर्क किया जाएगा। इस व्यापक अभियान में लगभग 3000 स्वयंसेवक भाग लेंगे। इस दौरान मालवा प्रांत के 28 जिलों के 138 खंडों के 12,500 से अधिक गाँवों और 101 नगरों के 7,500 से अधिक मोहल्लों में टोलियां करेंगी घर-घर जाकर संपर्क करेंगी और घरों पर भगवा पताका लगाएगी।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष में पूरे देश में संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा गृह सम्पर्क का संकल्प लिया गया है। मालवा प्रांत में यह गृह सम्पर्क अभियान 1 से 15 दिसंबर तक किया जाएगा। मालवा प्रांत के सभी 28 जिलों के 138 खंडों के 12,500 से अधिक गांवों और 101 नगरों के 7,500 से अधिक मोहल्लों में संघ के कार्यकर्ताओं की टोलियां घर-घर जाकर संपर्क करेंगी। इस वृहद् गृह संपर्क अभियान में मालवा प्रांत के 35 लाख से अधिक परिवारों में संघ परिचय पत्रक, संघ साहित्य, स्टीकर, और भारत माता का चित्र लेकर कार्यकर्ता घरों पर परिवारों से संपर्क करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों और नगरों की सेवा-बस्तियों में, घरों पर भगवा पताका भी लगायी जाएंगी।

पंच परिवर्तन के संकल्प का आह्वान

संघ स्थापना के शताब्दी वर्ष में संघ द्वारा पंच परिवर्तन के संकल्प का आह्वान किया गया है। भेदभाव रहित और सभी के सुख-दु:ख में शामिल होने वाला समरस हिन्दू समाज सबल और सशक्त भारत का आधार है। समाज में संस्कारों और परंपराओं की पाठशाला हमारे परिवार है। अपनी संस्कृति की रक्षा और संस्कारों के लिये परिवारों को संस्कारक्षम बनाए रखना आज की चुनौती भी है। सभी प्राणियों का जीवन सुखी हो, इस हेतु हमारे वन, वायु, जल, धरती सहित सम्पूर्ण पर्यावरण का संरक्षण और संवर्धन आवश्यक है। स्वदेशी जीवन शैली और भारत केन्द्रित विचार-व्यवहार और व्यापार ही स्वावलंबी और स्वतंत्र भारत का आधार है। प्रत्येक नागरिक द्वारा संवैधानिक, राष्ट्रीय, सामाजिक और नैतिक कर्तव्यों के पालन से भारत को विश्वगुरु बनाना है।

तीन से चार कार्यकर्ताओं की टोलियां सम्पर्क करेंगी

सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण केन्द्र जीवनशैली, जीवन के हर क्षेत्र में स्वदेशी का संकल्प और नागरिक कर्तव्यों का पालन ये पंच-परिवर्तन के पांच संकल्प है। गृह संपर्क अभियान में संघ के कार्यकर्ता पंच-परिवर्तन के संकल्पों की चर्चा घर-घर जाकर करेंगे और परिवारों द्वारा किसी एक संकल्प का आह्वान करवाया जाएगा। गृह संपर्क अभियान में प्रत्येक घर में संघ के तीन से चार कार्यकर्ताओं की टोलियां सम्पर्क हेतु जाएंगी। इन टोलियों में महिला कार्यकर्ता भी रहेंगी।

समयदानी कार्यकर्ता निकलेंगे

देशभर में चलने वाले इस संपर्क अभियान में सात से दस दिन समयदानी कार्यकर्ता निकलेंगे। विविध श्रेणियों के प्रमुखजनों से मिलने हेतु पृथक टोलियां बनायी गयी है। संपर्क टोलियां गृह संपर्क में संघ स्थापना के उद्देश्य, संघ की सामान्य कार्यपद्धति,संघ की सौ वर्षों की यात्रा और इस यात्रा में सदैव समाज की सहयोगी भूमिका के विषय पर सामान्य चर्चा भी करेगी। गृह सम्पर्क अभियान में सभी जाति-पंथों, नगरों, ग्रामीण क्षेत्रों, सेवा-बस्तियों और वनवासी परिवारों में हर हिन्दू तक संघ का विचार पहुंचाने हेतु कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगे। जनवरी माह में 1350 मंडल (आठ-दस गांवों के समूह) व 988 बस्ती में हिंदू सम्मेलन आयोजित होंगे, जिस हेतु हर स्तर पर समाजजनों की मार्गदर्शन व आयोजन समितियां गठित हो रही हैं। हिन्दू सम्मेलनों में संत, समाज प्रमुख और महिला वक्ता रहेंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल