

जौनपुर, 28 नवंबर (Udaipur Kiran) । यूपी के जौनपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित एक बैठक में कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहा है और मतदाता गहन पुनरीक्षण का काम विपक्षी मतदाताओं के नाम काटने का हथियार बन गया है।
तिवारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोकतंत्र और संविधान बचाने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्टी का हर कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ-बूथ जाकर मतदाताओं को जागरूक करें। साथ ही, एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) फॉर्म भरने में जनता की मदद करें और वोटर लिस्ट पर पैनी नजर रखें।
राजेश तिवारी ने इस स्थिति को लोकतंत्र और देश को ‘गुलामी से बचाने के लिए शीत युद्ध’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भारत के संविधान को बदलना चाहती है। इसलिए, उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए लोकतंत्र बचाने में अग्रणी भूमिका निभाने का आग्रह किया।
इस दौरान राजेश तिवारी ने 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की रैली में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की। बैठक को पूर्व विधायक विजय प्रकाश, सुधाकर तिवारी, मणीन्द्र मिश्रा, मंजू संत, राजेश राकेश, राजेश दुबे और सत्यवीर सिंह सहित कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव