
उज्जैन, 27 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व एसआईआर के राष्ट्रीय संयोजक तरुण चुघ,राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने गुरूवार को देवास मार्ग स्थित निजी होटल में उज्जैन में एसआईआर को लेकर भाजपा की उज्जैन संभाग की बैठक ली। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होने कहाकि मतदाता सूची शुद्धिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। एक भी वैध मतदाता छूटना नहीं चाहिए। एसआईआर अभियान सामाजिक जिम्मेदारी और संगठन की मजबूती दोनों का संगम है। एसआईआर अभियान में पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक को संबोधित करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि एसआईआर का पहला चरण समापन की ओर है। आने वाले कुछ दिन अत्यंत निर्णायक हैं। पार्टी का मुख्य लक्ष्य मतदाता सूची का शत-प्रतिशत शुद्धिकरण है। एक भी वैध मतदाता का नाम छूटना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति अन्याय होगा। इसलिए कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुँचकर, वार्ड स्तर पर टीम बनाकर कार्य करना है। बाहरी या संदेहास्पद मतदाता दिखाई दें तो तुरंत औपचारिक शिकायत दर्ज कराएं। ताकि सूची पूर्ण रूप से पारदर्शी और विश्वसनीय बने।
भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर ने कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पार्टी की जमीनी मजबूती, संगठन की पहचान और मध्यप्रदेश में निरंतर जनता की सेवा का अवसर है। इस अभियान में गंभीरता,समर्पण और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्यकर्ता काम करें। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि एसआईआर अभियान को प्राथमिकता के साथ पूरा करें। अभियान की समय सीमा कम है, इसलिए इसे तेज गति से पूर्ण अत्यंत आवश्यक है।
मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा ने बताया किबैठक का संचालन एसआईआर के प्रदेश संयोजक व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया। आभार नगर जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने माना। बैठक में केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ.सत्यनारायण जटिया,चेतन्य काश्यप, इंदरसिंह परमार,लता वानखड़े,सुरेश आर्य,प्रदीप त्रिपाठी मंच पर उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल